नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में PLFI नक्सल संगठन के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 20 मार्च 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान दयानंद राजवंशी उर्फ गुर्जर उर्फ पप्पू (स्वर्गीय रामेश्वर राजवंशी के पुत्र) और मिथलेश राजवंशी (सादो राजवंशी के पुत्र) के रूप में हुई है। दोनों नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में कर्ज और संकट के बीच किसान - ओले गिरने से टूटी उम्मीदें
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर रजौली थाना क्षेत्र के भानेखाप के पहाड़ी और जंगली इलाके में छापेमारी की गई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। बरामद सामान में दो .315 बोर की राइफल, 20 जिंदा कारतूस, एक टैक्टिकल गियर (बुलेटप्रूफ प्लेट के साथ), एक बुलेटप्रूफ पटका, 9 डेटोनेटर, करीब 40.625 किलोग्राम विस्फोटक (325 पैकेट) और लगभग 100 मीटर कोर्डेक्स शामिल है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने से इलाके में किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: 20 साल में पहली बार ऐसा क्यों हुआ? गांधी मैदान नहीं पहुंचे CM नीतीश, बेटे निशांत ने संभाली कमान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी PLFI संगठन की गतिविधियों पर बड़ा प्रहार है और इससे क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी। फिलहाल इस मामले में रजौली थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल किस बड़ी वारदात के लिए किया जाना था।