बिहार में मंगलवार और बुधवार को मौसम काफी सुहाना रहने की संभावना है, जिससे चैती छठ व्रतियों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। राजधानी पटना में मंगलवार को सूर्यास्त शाम 6:02 बजे और बुधवार को सूर्योदय सुबह 5:49 बजे होगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में करीब 5.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। कैमूर में सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि समस्तीपुर और जीरादेई में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री रहा। मुजफ्फरपुर में सोमवार को तेज धूप के कारण दिन के तापमान में लगभग 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात के तापमान में भी हल्की वृद्धि देखी गई। पूसा मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन सप्ताहांत में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 24 मार्च राशिफल: आज किस्मत देगी साथ या लेगी परीक्षा? जानें सभी राशियों का हाल
पूर्णिया में भी मौसम शुष्क बना रहा। सुबह तेज धूप और दोपहर बाद हल्की धूप-छांव का असर देखने को मिला। यहां अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम 17.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटे तक आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 26 और 27 मार्च को गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 26 मार्च को उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। वहीं 27 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा हो सकती है। 28 मार्च को सीमांचल क्षेत्र के जिलों में भी बारिश के आसार हैं।
यह भी पढ़ें: मोकामा में अवैध खनन पर पुलिस का डंडा, एक जेसीबी के साथ दो गिरफ्तार...
इसके साथ ही 26 और 27 मार्च को वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।