पटना: राजधानी पटना में एक कैब ड्राईवर को बंधक बना कर पिटाई करने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद गर्दनीबाग थाना की पुलिस ने कुम्हरार इलाके में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि पीड़ित युवक को भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवकों के बीच कोई आपसी विवाद था और इसी वजह से आरोपियों ने उसे बहाने से बुला कर बंधक बना लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। कैब ड्राईवर के साथ मारपीट का वीडियो भी काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए गर्दनीबाग थाना के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि बीते रविवार की शाम पीड़ित के पिता ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे को कुछ लोग बुला कर ले गए और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने जगह को चिह्नित कर छापेमारी कर पीड़ित को बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने भोजपुर निवासी इंदुभूषण सिंह और अंकित ठाकुर को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके बीच कुछ आपसी विवाद था जिसकी वजह से उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के संदलपुर में ले जा कर मारपीट की थी जबकि पीड़ित की बरामदगी कुम्हरार इलाके से की गई। मामले में दो नामजद और 3-4 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। वही पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें - NEET Student Case: CBI नहीं पेश कर सकी अब तक के जांच का प्रोग्रेस रिपोर्ट, कोर्ट ने...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट