पटना: राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर भीड़भाड़ वाले सड़क पर दिनदहाड़े चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है साथ ही महज 24 घंटे के अंदर घटना के कारणों का भी उद्भेदन कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि एक लड़की के चक्कर में दो युवकों के बीच विवाद हुआ और इसी विवाद में तीन युवकों ने मिल कर एक को चाकू मारी थी। फ़िलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और अन्य किसी भी संलिप्त व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हुई है लेकिन फ़िलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि गुरुवार की दोपहर पीरबहोर थाना क्षेत्र के फाकिरबारा मस्जिद के निकट कब्रिस्तान के आसपास कुछ युवकों ने एक युवक को चाकू मार दी है। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने PMCH में भर्ती जख्मी युवक अमन के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो ताहिर, मो अयान और मो साहिल के रूप में की गई। सिटी एसपी ने बताया कि मो ताहिर ने जख्मी और अन्य दोनों युवकों को मौके पर पुराने किसी विवाद की वजह से बातचीत के लिए बुलाया था और इस दौरान उनके बीच विवाद बढ़ गई जिसके बाद उन्होंने चाकूबाजी की।
यह भी पढ़ें - CM सम्राट के बयान पर ही रोहिणी ने लपेटा, सोशल मीडिया पोस्ट में पूछा 'आप तो मुख्यमंत्री का चेहरा भी नहीं थे फिर भी...'
सिटी एसपी सेंट्रल दीक्षा ने बताया कि पुलिस पूछताछ में युवकों ने बताया कि आरोपी ताहिर और जख्मी अमन दोनों किसी एक ही लड़की से बात करते थे और दोनों एक दूसरे को बात न करने और पीछे हटने का दबाव बना रहे थे। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी विवाद को लेकर सभी लोग कल बातचीत करने जमा हुए थे लेकिन बातचीत बढ़ गई जिसके बाद मो अयान और साहिल ने अमन को चाकू मार कर जख्मी कर दिया। सिटी एसपी ने बताया कि हमले में अमन गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसका इलाज PMCH में किया जा रहा है।
सिटी एसपी ने घटना में लड़की या अन्य किसी बड़े अपराधी की संलिप्तता के सवाल पर कहा कि अब तक के जांच के आधार पर इन लोगों की ही संलिप्तता प्रतीत हो रही है। अभी तक लव ट्रायंगल या अन्य किसी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। इन लोगों ने पूछताछ में लड़की से बातचीत करने को लेकर घटना को अंजाम दिए जाने की बात कही है। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी ताहिर और अमन आपस में पहले दोस्त थे वहीं अयान और साहिल की भी आपस में दोस्ती थी और एक लड़की के चक्कर में इन लोगों ने चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें - नीतीश का CCC लागू रहेगा बिहार में, अब थानों की भी निगरानी करेगा डायरेक्ट CMO
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट