गोपालगंज: बड़ी खबर गोपालगंज से है जहां एक आभूषण दुकान में लूटपाट करने आये अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य जख्मी हो गया। वहीं स्थानीय लोगों ने खदेड़ कर एक अपराधी को पकड़ लिया और उसकी जम कर पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने अपराधी को भीड़ की चंगुल से छुड़ा कर हिरासत में लिया और अन्य अपराधियों की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल हो गया। घटना गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के लाला छापर बाजार की है जहां दिनदहाड़े एक आभूषण दुकान में लूटपाट के इरादे से पांच हथियारबंद अपराधी पहुंचे थे। इस दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें एक राहगीर की मौत हो गई जबकि एक अन्य जख्मी हो गया।
घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि लाला छापर बाजार में स्थित एक आभूषण दुकान में लूटपाट के इरादे से दो बाइक पर सवार हो कर पांच हथियारबंद अपराधी पहुंचे थे। सभी दुकान में घुसने के बाद हथियार के बल पर दुकानदार को डरा धमका कर लूटपाट की कोशिश कर रहे थे तभी दुकानदार हल्ला करने लगे। हल्ला सुन कर आसपास में मौजूद दुकानदार और लोग जुट गए और अपराधियों की घेराबंदी कर दी। इस दौरान भीड़ देख अपराधी बौखला गए और भागने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। अपराधियों की फायरिंग में वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति को गोली लग गई जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सिसई गांव निवासी डब्लू मिश्रा के रूप में की गई वहीं एक अन्य बगहवा गांव निवासी पवन कुमार वर्मा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि जख्मी व्यक्ति को स्थानीय डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया है।
यह भी पढ़ें - दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को राघव चड्ढा ने दिया बड़ा झटका, 10 में से 7 सांसद जायेंगे BJP में
घटना के दौरान लोगों ने एक अपराधी को दबोच लिया और उसकी जम कर पिटाई कर दी।बाद में घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ की चंगुल से अपराधी को छुड़ाया और हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता समेत कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है वहीं गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ के आधार पर अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
मामले को लेकर गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने कह अकि घटना के बाद इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद छापर बाजार समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने उचित सुरक्षा की मांग की है। फ़िलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें - डरे और कंप्रोमाइज्ड लोग जा रहे हैं BJP में, हमें उन्हें पहचानना होगा, तेजस्वी ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कहा





