पटना: SSP साहब स्थानीय पुलिस हमारी नहीं सुन रही। हम अपराधी का लोकेशन और पूरी जानकारी देते हैं शाम में लेकिन पुलिस पहुंचती है आधी रात को और तब तक सभी फरार हो जाते हैं। अब हमारी जान पर बन आई है और हमारे साथ कभी भी कुछ भी हो सकता है। यह महज एक कहानी नहीं बल्कि सच्चाई है जो एक महिला ने पटना के SSP कार्तिकेय के शर्मा से मुलाकात कर कहते हुए न्याय और जान माल की गुहार लगाते हुए कह रही है। महिला ने स्थानीय थाना की पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाये और कहा कि पुलिस आरोपी को संरक्षण दे रही है तथा अपराधियों को सूचना दे कर भगाने के बाद गिरफ्तारी हेतु छापेमारी में जाती है।
SSP से मिलने पहुंची महिला सुनयना देवी ने बताया कि वह राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिय की रहने वाली है। बीते दिनों कुछ लोगों ने मिल कर उसके बहू की पीट पीट कर हत्या कर दी जिस मामले में परिवार के लोगों ने नामजद प्राथमिकी दर्ज करवाई लेकिन पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है। मीडिया से बात करते हुए महिला ने कहा कि वर्ष 2023 में आरोपियों ने घर में घुस कर मेरी बहू के साथ बेरहमी से मारपीट की थी जिसका 9 अप्रैल को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में करीब एक महीना पहले सिविल कोर्ट पटना ने नॉन बेलेबल वारंट जारी किया है लेकिन पुलिस आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी।
यह भी पढ़ें - गोपालगंज में लूटपाट करने आये अपराधियों की ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक की मौत एक जख्मी, एक अपराधी भी चढ़ा भीड़ के हत्थे
महिला ने बताया कि आरोपी इस कदर बेख़ौफ़ हैं कि वे लोग अपने ही घर में रहते हैं। अभी गुरुवार को ही में आरोपी का तिलक हो रहा था। इस दौरान पुलिस को सूचना और लोकेशन की जानकारी देने के बावजूद पुलिस समय से नहीं पहुंची। जब सारा कार्यक्रम खत्म हो गया और सारे लोग चले गए तब घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फिर खाली हाथ लौट गई। महिला ने कहा कि हम अपनी बहू को न्याय दिलाने के लिए दर दर भटक रहे हैं लेकिन न्याय तो दूर कुछ कार्रवाई भी नहीं हो रही। अब जब हमारी जान पर बन आई है तो हम SSP से न्याय की गुहार लगाने आये हैं। अगर अब भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो फिर आरोपी कभी भी हम परिवार के लोगों के साथ भी कुछ अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। महिला ने बताया कि SSP ने कार्रवाई का भरोसा दिया है।
यह भी पढ़ें - दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को राघव चड्ढा ने दिया बड़ा झटका, 10 में से 7 सांसद जायेंगे BJP में





