दरभंगा: एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण की कोशिश और दावे करते नहीं थकती तो दूसरी तरफ अपराधी पुलिस को चुनौती देने से पीछे नहीं हट रहे। दरभंगा में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना को अंजाम दे कर एक बार फिर पुलिस को बड़ी चुनौती दी है। अपराधियों ने हथियार के बल पर दरभंगा में एक आभूषण दुकान से करीब 2 करोड़ से भी अधिक की लूट कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
घटना दरभंगा नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार इलाके की है जहां दिनदहाड़े 4 की संख्या में आये हथियारबंद अपराधियों ने हथियार के बल पर आभूषण दुकान में लूटपाट की। बताया जा रहा है कि सभी अपराधी दुकान में घुसते ही हथियार के बल पर लोगों को अपने नियंत्रण में लिया और लूटपाट की। इस दौरान अपराधियों ने दुकानदार पिता पुत्र के साथ मारपीट भी की तथा करीब दो करोड़ रूपये मूल्य के आभूषण लूट लिए। पीड़ित व्यवसायी ने बताया कि अपराधी करीब 25 लाख रूपये नकद भी अपने साथ ले गए।
यह भी पढ़ें - सावधान! ट्रेन में TT के वेश में घूमते हैं चोर, दानापुर रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया तो खुला भेद...
लूटपाट के बाद अपराधी पैदल ही आराम से भाग निकले। उन्होंने हाथ में आभूषण से भरा थैला भी ले रखा था। हालांकि लूटपाट की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल हो गया वहीं घटना की सूचना पर दरभंगा के डीआईजी मनोज तिवारी, एसएसपी जगुन्नाथ रेड्डी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। लूटपाट की खबर के बाद लोगों ने पुलिसिया व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किये वहीं इलाके के व्यवसायियों में डर और भय का माहौल है।
यह भी पढ़ें - 1 करोड़ रूपये का इनामी माओवादी का रिम्स में निधन, 200 से अधिक वारदातों का था मास्टरमाइंड
दरभंगा से तुलसी झा की रिपोर्ट