गया: गया रेलवे स्टेशन पर पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन “सतर्क” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 48.43 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹53,360 बताई जा रही है। इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करी पर नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

आरपीएफ थाना अध्यक्ष बनारसी यादव ने बताया कि रविवार को गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 पर रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा गश्त और जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 13009 अप दून एक्सप्रेस के कोच संख्या S/8 में तलाशी ली गई। जांच के दौरान दिल्ली छोर के पास दो पिट्ठू बैग और दो थैले लावारिस पाए गए।

यह भी पढ़ें: सिरफिरे प्रेम का अंजाम: पटना में मां-बेटी पर चाकू से हमला, इलाके में दहशत

जांच टीम ने जब यात्रियों से इन बैगों और थैलों के बारे में पूछा, तो किसी ने भी इन्हें अपना नहीं बताया। इसके बाद सभी बैग और थैले प्लेटफार्म पर उतारकर विधिवत जांच की गई। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब जैसे Royal Stage, Blenders Pride, Officers Choice और Iconiq बरामद हुई। कुल मिलाकर 48.430 लीटर शराब जब्त की गई। मौके पर ही जप्ती सूची तैयार की गई और शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना, गया को सुपुर्द किया गया। इस संबंध में थाना गया में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(a) के तहत प्राथमिकी संख्या 78/26 दिनांक 22.03.2026 दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें: अनंत सिंह की पटना वापसी: तीन लाख रसगुल्ले और भव्य दावत की तैयारी

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी ने बताया कि “ऑपरेशन सतर्क” के तहत नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है ताकि रेल परिसरों में अवैध गतिविधियों और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की सघन जांच जारी रहेगी और यात्री सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस सफलता के साथ ही गया जंक्शन पर अवैध शराब तस्करी को रोकने में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है और यह अन्य अपराधों पर भी शिकंजा कसने में मददगार साबित होगी।