गया जी: बिहार में एक तरफ जहां सरकार हर क्षेत्र में विकास और इसके लिए काम करने वालों के साथ पूरा सहयोग करने का दावा करती है तो दूसरी तरफ गया जी में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। गया जी नगर निगम में संवेदक के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाया है। गया जी नगर निगम में काम करने वाले संवेदक अनिल भूषण ने अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने जब अपने बकाया राशि के बिल भुगतान की मांग की तो अधिकारियों ने उनके घर के आगे कूड़ा रखवा दिया। अब मामला सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठने लगा है।
मामले को लेकर संवेदक अनिल भूषण ने बताया कि वह नगर निगम में जलापूर्ति और नलजल समेत प्यायु के मरम्मत का काम करते हैं। पिछले सात महीनो से उनका भुगतान लंबित है जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों से लिखित और मौखिक रूप में कई बार बातचीत की लेकिन उन्हें हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पहले नलजल से जुड़े एक अधिकारी उनके घर पहुंचे और कुछ काम को लेकर दबाव बनाया। हमने जब बकाया बिल के भुगतान की बात की तो उन्होंने उसी रात नगर निगम का कचड़ा धोने वाले वाहन से कूड़ा घर के सामने गिरवा दिया।
यह भी पढ़ें - गया जी पुलिस लाइन में लगी आग, लाखों रूपये की संपत्ति का हुआ नुकसान
घर के सामने कूड़ा गिराए जाने से आसपास के इलाकों में दुर्गन्ध फ़ैल गया जिससे वहां रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बताया जा रहा है कि संवेदक के घर के परिसर में ही बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा भी है जिससे आने जाने वाले ग्राहकों को भी बहुत समस्या हो रही है साथ ही रास्ता भी अवरुद्ध है। संवेदक ने बताया कि कूड़े के दुर्गन्ध की वजह से उनकी मां की तबियत बिगड़ गई और रास्ता बंद होने की वजह से उन्हें समय पर अस्पताल भी नहीं ले जाया जा सका।
संवेकक अनिल भूषण ने नगर निगम के सिटी मैनेजर और जल पर्षद के कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार पर सीधे आरोप लगाया और कहा कि इन लोगों के इशारे पर ही मेरे घर के सामने कूड़ा फेंका गया है। उन्होंने इस मामले में प्रशासन से कार्रवाई की गुहार लगाई है। वहीं मामले को लेकर नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संवेदक के विरुद्ध कुछ शिकायतें मिली थी, जिसकी जांच की जा रही है। अगर उनके घर के सामने कूड़ा फेंका गया है तो उस मामले की भी जांच की जाएगी और दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - कल सम्राट विधानसभा में साबित करेंगे बहुमत, डिप्टी CM विजय चौधरी ने कहा 'सरकार नई रास्ता वही'
गया जी से मनीष कुमार की रिपोर्ट