पटना: बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को विधानसभा में अपनी नई सरकार का बहुमत साबित करेंगे। सम्राट सरकार की बहुमत साबित किये जाने को लेकर शुक्रवार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाई गई है। इससे पहले गुरुवार को जदयू कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए बिहार सरकार में उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। विजय चौधरी ने कहा कि यह महज एक प्रक्रिया है, हमारे पास बहुमत है और हम कल के विश्वास मत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने विश्वास मत के बाद मंत्रिमंल विस्तार की भी बात कही।

डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से राज्य में नीतीश कुमार की सरकार चल रही थी और जनता ने यह साबित भी कर दिया है कि उन्हें कुछ नहीं चाहिए बस नीतीश कुमार की राह पर विकास चाहिए। इस बार विधानसभा चुनाव में भी जनता ने हमारे नेता के नाम पर बहुमत दिया लेकिन अचानक उन्होंने खुद राज्यसभा जाने का फैसला लिया और नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को अपना आशीर्वाद दिया है। यह निश्चित है कि बिहार में आगे भी नीतीश कुमार की राह पर चल कर ही बिहार में NDA की सरकार विकास करेगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि अभी के समय में बिहार में सरकार नई जरुर है लेकिन रास्ता वही पुराना वाला ही है इसलिए इस सरकार को बहुमत साबित करने में कोई दिक्कत नहीं है।

यह भी पढ़ें     -    अगले तीन चार दिनों तक नहीं मिलने वाली है राहत, मौसम विभाग ने कई जिलों में जारी किया लू का अलर्ट

डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कई बार कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार का हमें सिर्फ समर्थन ही नहीं प्राप्त है बल्कि उनका मार्गदर्शन भी प्राप्त है। नीतीश कुमार जी जिस तरह से बिहार का विकास करना चाह रहे थे, जो योजनाएं लागू करना चाह रहे थे वह सब काम आगे बढाये जायेंगे। जनता के हित में नीतीश कुमार ने जो सोचा है वह भी और कुछ नया काम भी बिहार में किया जायेगा। हमने बिहार के लोगों से जो वादा किया है वह हर हाल में पूरा करेंगे यह नई सरकार का संकल्प है।

लाल घेरे में नहीं है खजाना और वित्त विभाग

इस दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा खजाना खाली होने के बयान पर कहा कि पहले तो यह बताइए कि बिहार की जनता को विकास देखना है या खजाना? तेजस्वी यादव को अगर खजाना ही देखना है तो उन्हें अपने समय का खजाना देखना चाहिए जब पूरा वित्त विभाग ही लाल घेरे में रहता था। अभी कम से कम वह स्थिति नहीं आई है जिसमें उनकी सरकार चलती थी। अभी अगर 12 हजार करोड़ रूपये ऋण लेने की बात हो रही है तो कोई ऐसा समय होता है जो बराबर रहे। ऋण लेकर विकास किया जा रहा है, तो यह तो उस ऋण की उपयोगिता को दिखाता है। पता नहीं हमलोगों को उनसे इससे अधिक उम्मीद भी नहीं है।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने शराबबंदी कानून को लेकर कहा कि नीतीश कुमार ने राज्य की महिलाओं के हित में शराबबंदी लागू की थी और अभी NDA की सरकार है तो नीतीश कुमार के द्वारा लागू हर नीति लागू ही रहेगी। वहीं उन्होंने पप्पू यादव के द्वारा महिलाओं के प्रति विवादित बयान को लेकर कहा कि उन्हें महिला आयोग ने नोटिस जारी किया है और कार्रवाई की जा रही है। वहीं निशांत कुमार की यात्रा को JDU बचाओ यात्रा कहे जाने पर कहा कि लोगों को अपने हिसाब से किसी भी बात का मतलब नहीं निकालना चाहिए। जदयू के यात्राओं के जो सुखद परिणाम आये हैं उसका मीठा फल आज भी राज्य की जनता खा रही है।

यह भी पढ़ें     -    राजधानी पटना में पुलिस पर हमला, दो पुलिस अधिकारी जख्मी, पहले थाना से ले भागा बाइक फिर...

YouTube Video