बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में शादीशुदा महिला के साथ छेड़खानी और जबरदस्ती का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला अब राजनीतिक रंग भी ले चुका है। इसी कड़ी में जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव शुक्रवार सुबह पीड़िता के घर पहुंचे। उनके साथ स्थानीय समर्थकों की भी मौजूदगी रही। गांव पहुंचकर उन्होंने पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए न्याय दिलाने की बात कही।

यह भी पढ़ें : जलन बनी खून की वजह! दरभंगा में युवक को घेरकर मारी गोली— जानिये पूरी घटना की कहानी ?

मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने घटना को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक महिला के साथ खुलेआम बदसलूकी की जा रही है और आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए हैं, वह समाज के लिए बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के चरित्र पर सवाल उठाना या उसे बदनाम करना गलत है और ऐसी सोच रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें : वैशाली मंच से चिराग का डबल अटैक—ममता को बताया तानाशाह, बिहार में CM चेहरे पर दिया बड़ा बयान

सांसद ने बताया कि पीड़िता और एक युवक को पहले कमरे में बंद किया गया, फिर भीड़ इकट्ठा कर उन्हें बाहर निकाला गया और महिला के साथ छेड़खानी की गई। इतना ही नहीं, इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल किया गया, जिससे अपराध और गंभीर हो गया है। पप्पू यादव ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक महिला का मामला नहीं, बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। इस दौरान उन्होंने पीड़िता को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।