वैशाली: बिहार के वैशाली महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बंगाल सरकार पर “तानाशाही” का आरोप लगाते हुए कहा कि वहां प्रशासनिक कर्मचारियों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, वह लोकतंत्र के खिलाफ है। चिराग ने दावा किया कि आने वाले समय में बंगाल में “डबल इंजन” की सरकार बनेगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप काम करेगी।
यह भी पढ़ें : जिसे मारना चाहते थे, उसी के नाम पर अनंत सिंह करा रहे दंगल! आखिर क्यों बदले अनंत सिंह के तेवर?
मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति पर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर गठबंधन के भीतर चर्चा चल रही है और “बहुत जल्द” इसका ऐलान कर दिया जाएगा। इस बयान के बाद बिहार की सियासत में नई हलचल तेज हो गई है। चिराग पासवान ने वैशाली महोत्सव के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बिहार की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि देश को 2047 तक विकसित बनाने के प्रधानमंत्री के लक्ष्य में बिहार की भूमिका अहम है, और इसके लिए राज्य का विकास जरूरी है। ऐसे आयोजन लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
यह भी पढ़ें : मौत का घूँट पी रहे लोग ! 45 मौतों के बाद मोतिहारी में जहरीली शराब का डरावना सच सामने.....
समापन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। कार्यक्रम में कलाकार अनुप जाटोला की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर पीएचईडी मंत्री संजय सिंह और गन्ना मंत्री संजय पासवान सहित कई अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।वैशाली जिला प्रशासन ने समारोह का सफल संचालन सुनिश्चित किया और अंत में स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




