दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के अचलपुर गांव में डीजे कारोबार से जुड़ी प्रतिस्पर्धा ने खौफनाक मोड़ ले लिया। गुरुवार को आपसी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान विनोद महतो के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर डीजे का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, विनोद अपने ननिहाल से घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने सुनसान रास्ते में उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें : वैशाली मंच से चिराग का डबल अटैक—ममता को बताया तानाशाह, बिहार में CM चेहरे पर दिया बड़ा बयान

परिजनों का आरोप है कि विनोद का डीजे व्यवसाय इलाके में काफी लोकप्रिय था और उनकी कमाई भी अन्य संचालकों से अधिक थी। इसी वजह से कुछ लोग उनसे जलन रखने लगे थे। आरोप है कि इसी ईर्ष्या और प्रतिस्पर्धा के चलते सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या की गई। इस मामले में श्याम महतो को मुख्य आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा रमेश महतो, दिनेश महतो, गणेश महतो, मुकेश और सूरज समेत कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें : जिसे मारना चाहते थे, उसी के नाम पर अनंत सिंह करा रहे दंगल! आखिर क्यों बदले अनंत सिंह के तेवर?

घटना के बाद पोस्टमार्टम के उपरांत जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो उन्होंने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक विनय कुमार चौधरी, डीएसपी और थाना अध्यक्ष ने परिजनों को जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, इस वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव बना हुआ है।