भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में मंगलवार शाम एक युवक की नशा रोकने के प्रयास के दौरान बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रोशन कुमार (पिता – जमुना मंडल) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, 23 मार्च की शाम करीब 7 बजे रोशन कुमार के घर के सामने कुछ लोग नशा कर रहे थे। रोशन ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों रोहित कुमार, आशीष कुमार, गुलजारी कुमार, किसलय कुमार और 7-8 अन्य युवकों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। घटना में रोशन गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : पटना महावीर मंदिर में रामनवमी पर आस्था का सैलाब, 4 लाख श्रद्धालु जुटे—बारिश भी नहीं रोक सकी भीड़!
घायल अवस्था में उसे परिजनों ने तुरंत भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना ने रोशन के परिवार में मातम फैला दिया है। मृतक की पत्नी 6 महीने की गर्भवती हैं और रोशन परिवार में चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। स्थानीय लोगों के अनुसार, रोशन हमेशा समाज में सही कार्यों के लिए खड़ा रहता था। इस हमले के बाद परिजन और गांव में गुस्से का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें : नीतीश, नितिन नवीन और अरुण गोविल की मौजूदगी में पटना में रामनवमी की शोभायात्रा का भव्य दृश्य
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पूरे क्षेत्र में सघन जांच की जा रही है। घटना ने पूरे इलाके में सुरक्षा और नशा विरोधी चेतावनी की गंभीर जरूरत को उजागर कर दिया है।