पटना: एक तरफ बिहार में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर राजनीति गर्म है तो दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर पूरे देश में सरगर्मी तेज है। इसी बीच शनिवार को भोजपुरी एक्टर और भाजपा के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ पटना पहुंचे जहां उन्होंने बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सधे शब्दों में खेसारी लाल यादव पर भी तंज कसा तो दूसरी तरफ पवन सिंह को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की तरफ भी इशारा किया। उन्होंने इस दौरान अन्य विपक्षी दलों पर भी तंज कसा और नीतीश कुमार के कामों की तारीफ भी की।
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए निरहुआ ने कहा कि हमारे बिहार को चमकाने और मजबूत करने के बाद अब नीतीश कुमार जी राज्यसभा जा रहे हैं। हम सबकी शुभकामना है और हमारी कामना है कि जैसे उन्होंने मुख्यमंत्री रह कर बिहार को मजबूत बनाया है वैसे ही जहां भी रहेंगे बिहार के लिए काम करते रहेंगे। वहीं उन्होंने निशांत कुमार को सीएम बनाये जाने की मांग को लेकर कहा कि यह तो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का काम होता है। नीतीश कुमार, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और अन्य सहयोगी दलों के शीर्ष नेतृत्व ही यह फैसला करेंगे और इसमें हम कुछ नहीं कह सकते हैं।
यह भी पढ़ें - निशांत की वजह से तेजस्वी को आना पड़ा बिहार, जदयू MLC नीरज कुमार ने कहा 'बिहार में रहेगा नीतीश...'
निरहुआ ने खेसारी लाल यादव के बयान कि राजनीति इमानदार लोगों के लिए नहीं है और इस वजह से मैं राजनीति से दूर रहूँगा पर जवाब देते हुए निरहुआ ने कहा कि इसमें थोडा करेक्शन की जरूरत है कि राजनीति इमानदार लोगों के लिए है लेकिन नॉनसेन्स लोगों के लिए नहीं है। खेसारी लाल यादव के बयान कि ये लोग अपनी पत्नी को प्यार नहीं करते हैं, ये लोग 2-3 पत्नी रखने वाले लोग हैं पर पलटवार करते हुए कहा कि हमलोग जब भी कुछ बात करते हैं तो उसके सन्दर्भ से हटा कर कुछ अलग दृष्टि से देखा जाता है तो वह गलत ही दिखेगा। किसी ने पूछा था कि आप अपने बच्चों को क्या बनाना चाहते हैं तो हमने कहा था कि बच्चों को पूरी छूट देते हैं कि आप क्या बनना, पढना खाना चाहते हो। एक समय था जब हमलोगों को इस तरह की छूट नहीं दी जाती थी लेकिन अब के समय में ऐसी छूट दी जा सकती है और इसी संदर्भ में बात हो रही थी।
निरहुआ ने वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 'एक कचौड़ी एक समोसा, गैस पर हमको नहीं भरोसा' के बयान पर कहा कि मुझे लगता है कि ऐसी बातें करके ये लोग अपनी नियत बताते हैं। जब दुनिया में एक संकट आया है कि कई देश आपस में लड़ रहे हैं और ऐसे में जब किसी भी देश को अपने लोगों को एक साथ रखना चाहिए वैसे समय में इस तरह का बयान दे रहे हैं और समाज में भय फैला रहे हैं, दुर्व्यवस्था फैला रहे हैं तो पता चलता है कि वह क्या चाहते हैं और किस स्तर के नेता हैं। इस दौरान उन्होंने पवन सिंह-खेसारी लाल यादव के साथ विवाद के सवाल पर कहा कि कहीं कोई विवाद नहीं है और न ही इसका कोई जगह है। हम सब कलाकार हैं और भाई हैं, हम एक ही चीज चाहते है कि हमारे लोग खुश और सुखी रहें और जहां उनकी आवाज बुलंद करने की जरूरत हो हमसब करें।
निरहुआ ने पवन सिंह को राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर कहा कि समय आएगा तो जरुर जायेंगे। भाजपा में कब किसे क्या मिल जाये कोई कह नहीं सकता है। धैर्य रखना चाहिए और अगर पार्टी ने कहा है तो निश्चित रूप से उन्हें कुछ न कुछ जिम्मेदारी मिलेगी। वहीं उत्तर प्रदेश में चुनाव के बाद निरहुआ को कोई जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर कहा कि मुझे तो सबसे बड़ी जिम्मेदारी पहले से मिली हुई है कि कहीं भी चुनाव होता है तो हम वहां अपनी पार्टी का प्रचार करने जाते हैं। हमलोग राजनीति में या पार्टी में किसी पद की लालसा में नहीं जुड़े हैं बल्कि हम लोग अपना काम करते हुए पसंद आने वाली पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए जुड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें - 'फ्यूचर CM ऑफ़ बिहार', पटना में पोस्टर के जरिये नीतीश से दिल्ली न जाने की गुहार, निशांत को लेकर भी...