पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का पूरी तरह से मन बना लिया है और वह चुनाव में निर्वाचित हो चुके हैं। अगले दो दिनों के अंदर सीएम नीतीश एमएलसी पद से इस्तीफा भी देंगे लेकिन इस बीच नीतीश पार्टी कार्यकर्ता लगातार मांग कर रह हैं की नीतीश जी बिहार छोड़ मत जाइये। इसके साथ ही नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठने लगी है। अब इस मामले को लेकर पटना की सड़कों पर पोस्टर भी लगना शुरू हो गया है।

राजधानी पटना के विभिन्न इलाकों में एक पोस्टर लगाया गया है जिसमें सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने के निर्णय पर विचार करने, मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ने और निशांत को कमान दिए जाने की मांग की गई है तो दूसरी तरफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई भी दी गई है। पोस्टर छात्र जदयू के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल की तरफ से लगाया गया है जिस पर लिखा नीतीश कुमार और निशांत कुमार के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और छात्र जदयू उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल का फोटो लगा हुआ है। 

यह भी पढ़ें    -    बिहार के मंत्री और अधिकारी चलेंगे और भी अधिक प्रीमियम कारों में, सरकार ने बढ़ा दी है...

पोस्टर में लिखा है कि नीतीश सेवक... मांगें निशांत...। क्यूं कर रहे हैं, आप ऐसा विचार... जब बिहारवासियों को स्वीकार नहीं, कि आप मुख्यमंत्री पद छोड़ जाएँ बिहार...। जदयू के एक बार पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के लिए पार्टी के सर्वमान्य नेता बिहार के अद्वितीय माननीय मुख्यमंत्री परम आदरणीय नीतीश कुमार जी एवं लोकप्रिय प्रदेश अध्यक्ष आदरणीय उमेश सिंह कुशवाहा के प्रति कोटिशः आभार...। पोस्टर में निशांत कुमार के फोटो पर लिखा गया है 'FUTURE CM OF BIHAR (फ्यूचर CM ऑफ़ बिहार)'।

बता दें कि नीतीश कुमार सीएम पद छोड़ने के एलान के बाद से ही निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाये जाने की मांग लगातार पार्टी में उठ रही है। इसके साथ ही कार्यकर्त्ता नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर भी दुख और नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। पार्टी के कई नेता एवं विधायकों ने भी निशांत कुमार को सीएम बनाये जाने की मांग कर चुके हैं। इस संबंध में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने भी निशांत कुमार को सीएम मटेरियल बताया था जबकि पूर्व सांसद और टीम निशांत के सदस्य विधायक चेतन आनंद के पिता आनंद मोहन ने भी सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने के निर्णय पर नाराजगी जाहिर की।

यह भी पढ़ें    -    STF ने की बड़ी कार्रवाई, अलग अलग जिलों में छापेमारी कर 8 को दबोचा, लूट के ट्रक के साथ...

पटना से दक्षा प्रिया की रिपोर्ट