बिहार के मधेपुरा और मुजफ्फरपुर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। मधेपुरा में जहां कार नदी में गिरने से तीन दोस्तों की मौत हो गई और एक युवक अब भी लापता है, वहीं मुजफ्फरपुर में बाइक दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। मधेपुरा जिले के अरार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक चार दोस्त रामनवमी का मेला देखकर ग्वालपाड़ा से लौट रहे थे। रात करीब एक बजे अरार पुल के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई और पोल से टकराते हुए नदी में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुल की रेलिंग टूट गई और कार सीधे नीचे पानी में समा गई।
यह भी पढ़ें : 'फ्यूचर CM ऑफ़ बिहार', पटना में पोस्टर के जरिये नीतीश से दिल्ली न जाने की गुहार, निशांत को लेकर भी...
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तीन शवों को बाहर निकाला गया, जबकि चौथे युवक की तलाश जारी है। मृतकों की पहचान घनश्याम कुमार (28), अंकित कुमार (26) और वसंत कुमार (23) के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें : दिन में मासूम, रात में शातिर चोर! रोहतास में ऐसे चलता था बाइक चोरी का खेल
इधर, मुजफ्फरपुर में मोतीझील ओवरब्रिज पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से टकरा गई, जिसमें दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में विवेक कुमार उर्फ राजा (19) और अंशु कुमार (21) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विवेक अपने दोस्त के साथ जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस के अनुसार, ओवरब्रिज के घुमावदार हिस्से पर संतुलन बिगड़ने से बाइक रेलिंग से जा टकराई। गश्ती दल ने दोनों को घायल अवस्था में पाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर कर दिया है।




