पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने जब से पार्टी में एंट्री ली है वह लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वह प्रतिदिन कहीं न कहीं पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं और आगे की रणनीतियों पर चर्चा कर रहे हैं। एक बार फिर बुधवार को निशांत कुमार पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पार्टी के प्रमंडलस्तरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने सारण प्रमंडल के प्रखंड अध्यक्ष समेत अन्य अधिकारियों से मुलाकात की।
बैठक के बाद बाहर निकले निशांत ने अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने को लेकर कहा कि मैं उन्हें अपनी तरफ से बधाई देता हूँ और मैं हमेशा उनके मार्गदर्शन में चलना चाहूँगा साथ ही पार्टी के सभी वरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलूंगा। बैठक के बाद सारण प्रमंडल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि निशांत जी ने हमारी बात सुन ली यह हमारे लिए ख़ुशी की बात है। बैठक में उन्होंने हमलोगों से कहा कि आपलोग जमीनी स्तर पर काम करिए और जहां हमारी जरूरत हो बताइए, हम वहां मौजूद रहेंगे। जमीनी स्तर पर कहीं कुछ कमी दिखे तो मुझे सूचना दीजिये, हम लोग मिल कर मेहनत करेंगे और पार्टी को और भी आगे बढ़ाएं।
यह भी पढ़ें - बिहार के लिए आर्थिक कॉरिडोर साबित होगी बख्तियारपुर-ताजपुर फोरलेन परियोजना, इतने दिन में होगी पूरी...
कार्यकर्ताओं ने कहा कि निशांत ने हमारी बात सुन ली और अब पार्टी की कमान संभालने आये हैं। हम चाहेंगे कि अब नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार बिहार की भी कमान संभालेंगे। निशांत ने हमलोगों को कहा है कि हम बहुत जल्द ही अपनी यात्रा पर निकलेंगे और उस दौरान सभी लोगों से मुलाकात करेंगे तथा पार्टी को और भी मजबूत करने के लिए हर संभव काम करेंगे। निशांत के साथ बैठक कर कार्यकर्ताओं में काफी जोश और उत्साह दिखा और कार्यकर्ताओं ने मांग की कि नीतीश कुमार अपने निर्णय को वापस ले लें वहीं निशांत भी अपने पिता की तरह राज्य को संभालें।
बैठक के बाद कार्यकर्ता नीतीश कुमार के निर्णय से दुखी भी दिखे और कहा कि हमने जनता के बीच जा कर नीतीश कुमार के नाम पर वोट लिया और हमारी सरकार भी बनी लेकिन उन्होंने अकेले ही निर्णय ले लिया यह गलत किया है। उन्हें चाहिए था कि पहले कम से कम सांसदों और विधायकों के साथ बैठक कर उनकी राय लेते फिर निर्णय लेते। वहीं दूसरी तरफ निशांत कुमार को भी कम से कम पांच वर्ष पहले राजनीति में आ जाना चाहिए था ताकि नीतीश कुमार के बाद वह बिहार की कमान संभाल सकते। हम अभी भी मांग करते हैं कि बिहार को एक नया युवा मिला है और उसके हाथ में बिहार की कमान जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें - बिहार में अलग समय में देना होगा अलग बिजली बिल, पढ़ें कब देना होगा कम और कब लगेगा अधिक..