पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र में ईद की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना परिवेश मार्केट मोड़ के पास की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय जेबा खातून के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके पति मोहम्मद सोनू उर्फ सोनू यादव पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार है। जानकारी के मुताबिक, वारदात से पहले पति-पत्नी के बीच ईद पर नए कपड़े और पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने अपने दो मासूम बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और जेबा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में महिला को छोड़कर वह मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट से मिली राहत के बाद आज रिहा होंगे अनंत सिंह, पटना में भोज के साथ रोड शो की भी तैयारी
घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इस पूरी वारदात का चश्मदीद खुद आरोपी का 6 वर्षीय बेटा है। बच्चे के मुताबिक, उसके पिता ने पहले उसकी मां के पेट में चाकू मारा, फिर गले पर हमला किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने वारदात के बाद महिला के जेवर और पैसे भी ले लिए और शव को छिपाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और जेबा को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में बवाल! दो गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी, कई घायल
मृतका की मां मुसर्रत परवीन ने अपने दामाद के खिलाफ आलमगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपी को “दामाद नहीं, कसाई” बताया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल उन दो मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर खड़ा हो गया है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया और पिता फरार है। इलाके में इस वारदात के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है।
यह भी पढ़ें: BSEB 12वीं रिजल्ट आज दोपहर 1:30 बजे होगा जारी, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, ऐसे करें सबसे पहले चेक