पटना में एक बार फिर BPSC TRE-4 के अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स पटना के गांधी मैदान में इकट्ठा हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों की साफ मांग है कि BPSC TRE-4 की वैकेंसी जल्द से जल्द जारी की जाए। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार काफी समय से सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन अब तक BPSC TRE-4 की अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इससे हजारों उम्मीदवारों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
इस दौरान छात्र नेता खुशबू पाठक ने शिक्षा विभाग और सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भी BPSC TRE-4 को लेकर शिक्षा मंत्री से सवाल किया जाता है, तो हर बार एक ही जवाब मिलता है कि “रोस्टर क्लियरेंस नहीं हुआ है, जल्द वैकेंसी आएगी।” चुनाव से पहले लगातार वैकेंसी जारी करने की बात कही गई, लेकिन चुनाव खत्म हुए कई महीने बीत चुके हैं और अब तक नोटिफिकेशन नहीं आया। खुशबू पाठक ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द TRE-4 की वैकेंसी जारी नहीं की, तो विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अभ्यर्थी बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि हजारों छात्र सालों से तैयारी कर रहे हैं और बार-बार की देरी से उनका भविष्य खतरे में पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें : UGC के नए नियमों से मचा बवाल: समानता की पहल या जनरल कैटेगरी पर वार?
वहीं शिक्षा मंत्री ने हाल ही में दैनिक भास्कर से बातचीत में अपना पक्ष रखा था। उन्होंने कहा कि देश में शायद ही कोई ऐसा राज्य हो, जहां दो साल में 2.70 लाख शिक्षकों की नियुक्ति हुई हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सरकारी भर्ती है, कोई निजी नियुक्ति नहीं, इसलिए रोस्टर क्लियरेंस जरूरी प्रक्रिया है। शिक्षा मंत्री के अनुसार, चुनाव के कारण भर्ती प्रक्रिया में देरी हुई है। फिलहाल आधे जिलों का रोस्टर क्लियर हो चुका है, बाकी का इंतजार है। रोस्टर मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग भी प्रक्रिया में शामिल होगा, ताकि आरक्षण नियमों का पालन हो सके।
यह भी पढ़ें : ‘लैंड फॉर जॉब’ केस में बड़ा मोड़! आज कोर्ट तय करेगा, CBI के गवाह वैध या अवैध
TRE-4 के तहत गणित, विज्ञान, कंप्यूटर, संगीत और खेल विषयों में 11 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती होगी। कक्षा 1 से 5, 6 से 8 और 9 से 12 के लिए अलग-अलग नियुक्ति होगी। ST-SC विभाग के स्कूलों में 2 हजार से ज्यादा और सामान्य विषयों में करीब 20 हजार शिक्षकों की भर्ती होगी। कुल मिलाकर लगभग 25 हजार पदों पर भर्ती की संभावना है। शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि जनवरी के बाद TRE-4 की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।