नालंदा/जहानाबाद: बिहार के नालंदा में बुधवार की देर रात अपराधियों ने मुखिया पति की गोली मार दी। घायल हालत में मुखिया पति सह रिटायर्ड आर्मी जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घायल मुखिया पति सह रिटायर्ड आर्मी जवान दीनानाथ प्रसाद के रूप में की गई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सरमेरा थाना क्षेत्र के चेरो पंचायत की मुखिया के पति एवं आर्मी से सेवा निवृत्त जवान दिनानंथ प्रसाद देर रात कहीं से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके जांघ में लगी है। घटना के बाद आनन फानन में लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुँचाया जहाँ से डॉक्टर ने पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी नुरुल हक और सरमेरा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गए। घटना के संबंध में आशंका जताई जा रही है कि कुछ चुनावी रंजिश का मामला हो सकता है लेकिन इस संबंध में पीड़ित एवं उनके परिवार ने अब तक कोई बयान नहीं दिया है।
यह भी पढ़ें - बुलडोजर चला तो क्या यहां ही रहेंगे, राजधानी पटना में जब प्रशासन ने हटाया अवैध अतिक्रमण तो लोगों ने कहा...
घटना को लेकर नालंदा जिला मुखिया संघ ने दुःख जताया है और पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। हुसैना पंचायत के मुखिया सिंटू कुमार ने कहा कि अगले साल निकाय चुनाव होना है और इससे पहले जनप्रतिनिधियों पर इस तरह से जानलेवा हमला अत्यधिक चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मैं भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा हूँ। इस मामले में दोषी आरोपियों को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करे वहीं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा बढाई जाये।
मामले को लेकर एएसपी नुरुल हक ने कहा कि देर रात खटाल के पास अपराधियों ने मुखिया पति पर फायरिंग की जिसमें उन्हें गोली लगी है। फ़िलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गहनता से जांच की जा रही है साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फूटेज को भी खंगाला जा रहा है। बहुत ही जल्द आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
जहानाबाद में भी बदमाश ने मामूली विवाद में एक युवक को उसके घर के समीप ही गोली मार दी। गोली लगने से युवक घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव की है जहाँ बदमाश ने मामूली बात पर एक युवक अजीत कुमार को गोली मार दी। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जख्मी युवक सब्जी खरीदने गया था इसी दौरान किसी बात पर उसकी कहासुनी ग्रामीण पप्पू से हो गई। इस दौरान पप्पू ने उसे गोली मारने की धमकी भी दी थी और कुछ ही देर बाद गांव में जब घायल अपने घर के समीप किसी से बातचीत कर रहा था उसने उसे गोली मार दी। घटना के बाद उसे आनन फानन में अस्पताल पहुँचाया गया जहाँ इलाज चल रहा है वहीं दूसरी तरफ घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - बिहार में अपराध पर पक्ष-विपक्ष में आरोप प्रत्यारोप तेज, राजद ने लगाया बड़ा आरोप तो जदयू ने दिया करारा जवाब...