बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को कार में छोड़कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि घटना थाना परिसर से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हाजीपुर-पटना को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु के समीप पश्चिमी लेन में एक लावारिस कार खड़ी देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: PPP मॉडल से राज्य में खेल को दिया जायेगा बढ़ावा, मुख्य सचिव ने इस मामले में जताया संतोष...
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वाहन की जांच की तो अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। युवक को गोली मारी गई थी, जो उसके कंधे (सोल्डर) में लगी थी। शव के पास से एक गोली भी बरामद की गई है। घटना स्थल महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर एक से लगभग 100 मीटर आगे बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कार पटना से हाजीपुर की ओर आई थी और अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद वाहन वहीं छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: NCERT में बदलाव ! अब पढ़ाई बनेगी खेल 3 से 8 साल बच्चों के लिए आया ई-मैजिक बॉक्स - जानिये क्या है खास
सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और गाड़ी से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वैशाली के एएसपी प्रेम सागर ने बताया कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और वाहन की भी जांच की जा रही है कि वह मृतक की है या किसी अन्य की। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।