पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से राज्यसभा जाने की घोषणा की है तब से उनके चाहने वाले लोगों ने तरह तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को राजधानी पटना के गांधी मैदान में स्थित गांधी मूर्ति के नीचे महिलाओं का एक हुजूम उमड़ पड़ा। महिलाओं ने अपने हाथ में तख्तियां ले रखी थी जिसपर लिखा था कि 'नीतीश नहीं तो निशांत चाहिए।' सुधार वाहिनी के बैनर तले बिहार के विभिन्न जिलों से दर्जनों महिलाएं पटना पहुंची जहां सभी ने नीतीश कुमार या उनके बेटे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बने रहने की मांग की।
महिलाओं ने नीतीश कुमार के शासनकाल में महिला सशक्तिकरण की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार में शराबबंदी जैसा महत्वपूर्ण कदम उठाया, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया और समाज में बराबरी का हक दे कर सर उठा कर जीने का हक दिया। अगर वह मुख्यमंत्री का पद छोड़ कर जा रहे हैं तो फिर उनकी जगह निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। महिलाओं ने निशांत कुमार की सादगी की तारीफ करते हुए कहा कि पूरा बिहार और दुनिया जानती है कि निशांत कुमार सादा जीवन जीने वाले व्यक्ति हैं। अगर उन्हें बिहार की कमान दी जाती है तो फिर वह नीतीश कुमार की तरह ही बिहार का विकास करेंगे।
गांधी मैदान में जुटी महिलाओं ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को जितना आगे बढ़ाया है उतना कोई और नेता आगे नहीं बढ़ा सकता है। हमें किसी नेता पर भरोसा नहीं है लेकिन निशांत कुमार अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा सकते हैं। महिलाओं ने सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो हमारा आंदोलन और भी बड़ा रूप लेगा।




