नई दिल्ली: बड़ी खबर देश के सियासी गलियारे से है जहां भाजपा ने एक बार फिर अपने फैसले से सबको चौंका दिया है। भाजपा ने राजधानी पटना के बांकीपुर से 5वीं बार के विधायक और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नितिन नबीन को बड़ी जिम्मेदारी दी है। नितिन नबीन को मिली बड़ी जिम्मेदारी के बाद बिहार भाजपा में हर्ष का माहौल है। भाजपा ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है।
नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने अधिसूचना जारी कर की। उन्होंने अपने अधिसूचना में लिखा है कि भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नितिन नबीन को भाजपा की जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश भर के भाजपा नेताओं ने बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा कि नितिन नबीन जी ने अपने आप को एक मजबूत कार्यकर्ता के रूप में स्थापित किया है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के रूप में उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने लोगों की इच्छाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है।
वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नितिन नबीन जी भाजपा के एक सच्चे कार्यकर्ता हैं और उन्होंने अपने मेहनत से अपने आप को स्थापित किया है। पार्टी का सर्वोच्च पद मिलने पर मैं हार्दिक बधाई देता हूं वहीं बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने समेत अन्य भाजपा नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी। बता दें कि नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए पार्टी के लिए कई राज्यों में प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है।