पटना: बिहार में इन दिनों हवाई सेवा का लगातार विस्तार किया जा रहा है। अभी हाल ही में दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू किया गया है तो पटना एयरपोर्ट का विस्तार किया गया और बिहटा में एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कई अन्य नए एयरपोर्ट बनाये भी जा रहे हैं। मंगलवार को राज्य के बजट में भी हवाई सेवा पर खासा ध्यान दिया गया है। मुजफ्फरपुर, सहरसा, भागलपुर, वीरपुर, मुंगेर, मोतिहारी, छपरा, मधुबनी, वाल्मीकिनगर हवाई अड्डों के साथ ही अब बेगूसराय और गोपालगंज में भी एयरपोर्ट निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई है। बजट में इन सभी एयरपोर्ट के लिए भी प्रावधान किया गया है।
यह भी पढ़ें - बिहार का तीर्थस्थली गया जी बनता जा रहा है तस्करी का अड्डा, इस बार रेलवे स्टेशन पर....
बिहार में हवाई सेवा को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में सिविल विमानन विभाग का गठन किया गया था और अब राज्य में एयरपोर्ट विकास पर खास ध्यान दिया जा रहा है। बजट में बेगूसराय के उलाव हवाई अड्डा और गोपालगंज के सबेया सैन्य हवाई अड्डा को शुरू करने के लिए व्यवहार्यता को मंजूरी दी गई है और इसके लिए 81 लाख रूपये का बजट भी जारी किया गया है। इसके साथ ही सरकार भागलपुर के सुल्तानगंज और सारण के सोनपुर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण पर काम शुरू करने जा रही है। सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण हेतु 1302 करोड़ रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति की कार्रवाई की जा रही है। वहीं नालंदा के राजगीर में भी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाये जाने की योजना बनाई जा रही है।
सरकार ने हाल ही में भागलपुर के सुल्तानगंज में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण के लिए 931 एकड़ जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है जिसमें करीब 472 करोड़ रूपये की लागत आएगी। इसके साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के लिए रनवे विस्तार और सिविल एन्क्लेव निर्माण चल रहा है। यहां कार्गो टर्मिनल भी बनाया जायेगा। वहीं पटना के समीप बिहटा में एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, रक्सौल हवाई अड्डा का विकास किया जा रहा है जबकि सुपौल एयरपोर्ट के विकास के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। वहीं सहरसा एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार कर शुरू किये जाने की योजना है।
यह भी पढ़ें - बिहार के वित्त मंत्री ने पेश किया अब तक का सबसे बड़ा बजट, जानें क्या है खास...