पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में पूर्व मंत्री मंगल पांडेय की खाली हुई MLC सीट पर भाजपा के अरविन्द शर्मा ने आज अपना नामांकन दाखिल किया है। अरविंद शर्मा की जीत तय मानी जा रही है। खाली एमएलसी सीट पर अरविंद शर्मा को उम्मीदवार बनाना भाजपा के लिए भूमिहारों में बढ़ रही नाराजगी और को दूर करने की एक कवायद भी मानी जा रही है इसके साथ ही लंबे समय से एक कार्यकर्ता के रूप में काम करने पर इनाम दिए जाने की भी बात कही जा रही है। नई सरकार के गठन के बाद सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाये जाने तथा अब तक कैबिनेट विस्तार नहीं होने की वजह से पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को साइड किये जाने की चर्चा और भूमिहारों को नजरंदाज किये जाने की बात को लेकर भूमिहार समाज में नाराजगी बढती जा रही थी जिसके बाद अब भाजपा ने बड़ा दांव खेला है।
बताया जा रहा है कि भाजपा के उम्मीदवार अरविंद शर्मा उर्फ़ सूर्य कुमार शर्मा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के काफी करीबी हैं तथा वे पार्टी में कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनकी छवि पार्टी में एक कुशल, धैर्यवान और लक्ष्य आधारित नेता के रूप में रही है। वह लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं और कई वरिष्ठ नेताओं से भी उनके अच्छे संबंध हैं। अरविंद शर्मा ने एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन अपना नामांकन दाखिल किया और इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ ही उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, लोजपा(रा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक दल के नेता राजू तिवारी, जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय समेत अन्य घटक दलों के कई नेता भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें - सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक में 64 एजेंडों पर लगी मुहर
बता दें कि अरविंद शर्मा विधानसभा चुनाव में भी टिकट के दावेदार थे लेकिन गठबंधन दलों में सहमति नहीं बन पाने की वजह से उन्हें टिकट नहीं दिया गया। अब उन्हें एमएलसी का उम्मीदवार बनाया गया है जिसके बाद कार्यकर्ताओं में ख़ुशी का माहौल है। सूत्रों के हवाले बता दें कि एमएलसी की खाली इस सीट पर बिहार सरकार में पूर्व मंत्री दीपक प्रकाश को उम्मीदवार बनाये जाने की भी चर्चा थी लेकिन कहा जा रहा है कि गठबंधन में सहमति नहीं बन पाने की स्थिति में पार्टी ने अपनी रणनीति बदली और नाराज हो रहे भूमिहार समाज को साधने के लिए अरविंद शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया।
नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा के उम्मीदवार अरविंद शर्मा ने कहा कि मैं शुरू से संगठन की मजबूती के लिए काम करता रहा हूं। पार्टी ने मुझे यह जिम्मेदारी दी है तो मैं इसे भी ईमानदारी से पूरा करूँगा और आगे भी संगठन के लिए काम करता रहूँगा। इस दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैं शुरू से संगठन के लिए काम करता रहा हूँ और आगे भी संगठन की मजबूती के लिए काम करता रहूँगा।
यह भी पढ़ें - यहां बगीचे में फल नहीं मिलती हैं शराब, जब पहुंची पुलिस तो रह गई दंग, पूरी फैक्ट्री का हो गया भंडाफोड़





