गया जी: गया जी में सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने हमला कर दिया जिसमें थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। जख्मी पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीँ इलाके में भारी पुलिस बल तैनात की गई है। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। घटना गया जी के मोहनपुर थाना क्षेत्र के नहाटा के समीप की है जहां बाइक सवार एक दंपत्ति को एक हाइवा ट्रक ने टक्कर मार दी जिसमें महिला की मौत हो गई वहीं उसके पति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतिका की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के जानी बिगहा निवासी ललन यादव की पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में की गई वहीं ललन यादव भी जख्मी हैं।
यह भी पढ़ें - गर्मी से राहत लेकिन काल बन कर आई आंधी और बारिश, निर्माणाधीन मकान का दीवार गिरने से राजधानी में दो की गई जान
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मृतिका अपने पति के साथ बाइक पर सवार हो कर मायका मुशरबदा से अपने ससुराल लौट रही थी तभी नहाटा के समीप तेज रफ़्तार अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने उनके बाइक में टक्कर मार दी। घटना में महिला बाइक से गिर कर ट्रक के नीचे चली गई जिससे उसकी चपेट में आ कर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर सड़क जाम खत्म करवाने की कोशिश की इसी दौरान कुछ लोगों ने पत्थरबाजी के साथ ही लाठी डंडे से हमला कर दिया। लोगों के हमले में थानाध्यक्ष संजय कुमार जख्मी हो गए साथ ही एक अन्य पुलिस अधिकारी को भी चोट आई है। घटना के बाद थानाध्यक्ष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना को लेकर लोगों का आरोप है कि इस सड़क पर अक्सर चलने वाली भारी वाहन की तेज रफ़्तार लोगों के लिए जानलेवा बनी हुई है। बार बार अनुरोध के बावजूद प्रशासन इस तरफ कोई कदम नहीं उठा रहा। आक्रोशित लोगों के सड़क जाम के दौरान पुलिस पर हमला के बाद पुलिस ने भी हल्का बल प्रयोग किया और लोगों को सड़क से खदेड़ा फिर यातायात बहाल की जा सकी। लोग मौके पर डीएम और एसएसपी को बुलाने की मांग पर अड़े थे। बताया जा रहा है कि घटना के बाद हाइवा चालक मौके पर ही ट्रक छोड़ भाग निकला। फ़िलहाल मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
यह भी पढ़ें - भागलपुर के बाद अब सीवान में पुलिस ने अपराधी को मारी गोली, सरेआम फायरिंग कर एक व्यक्ति की ले ली थी जान
गया जी से मनीष कुमार की रिपोर्ट





