पटना: राजधानी पटना में पुलिस की लाख मुस्तैदी के बावजूद अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे। एक बार फिर राजधानी में अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया जिसके बाद अब पुलिस की गस्ती पर ही सवाल उठने लगे। मामला दानापुर इलाके के शाहपुर थाना क्षेत्र के ढिबरा मोड़ स्थित स्टेट बैंक के एटीएम का है जहां बदमाशों ने गैस कटर की मदद से एटीएम काट कर करीब 30 लाख रूपये की चोरी कर ली। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारी समेत स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई। चोरी की घटना का सीसीटीवी फूटेज भी अब सामने आया है जिसके आधार पर बताया जा रहा है कि मास्क लगाये बदमाशों ने अहले सुबह करीब 4 बजे के आसपास एटीएम काट कर 30 लाख रूपये ले भागे। बदमाशों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमेरों पर भी स्प्रे किया ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके।
यह भी पढ़ें - सीएम नीतीश की नियत ने बिहार को दिए तीन सुपर स्ट्रक्चर, इस अवार्ड के लिए चयनित
मामले की पुष्टि करते हुए पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उक्त एटीएम में अहले सुबह अज्ञात बदमाशों ने गैस कटर से सीसीटीवी काट दिया और कैश बॉक्स ले भागे। उनलोगों ने पेशेवर तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया है। वे लोग पहचान छिपाने के लिए मास्क लगा रखे थे। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की गिरफ्तारी की कोशिश भी की लेकिन वे लोग भाग निकले थे। फ़िलहाल सीसीटीवी फूटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर चोरी गए रूपये बरामद कर लिए जायेंगे।
पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट




