बेगूसराय: बिहार में इन दिनों पुलिस और STF की गठजोड़ ने अपराधियों के नाक में दम कर दिया है। हालांकि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद अपराधियों का हौसला बुलंद है और लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं तो दूसरी तरफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और जरूरत पड़ने पर अब अपराधियों को गोली मारने से भी पीछे नहीं हट रही। इसी कड़ी में बड़ी खबर आ रही है बेगूसराय से जहां अपराधी और STF तथा पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ हुआ है। इस दौरान पुलिस ने कई अपराधियों को गिरफ्तार भी किया है जबकि एक अपराधी को गोली लगने की भी सूचना है। मामला बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायण चौक के समीप है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में शामिल अपराधियों का कनेक्शन शुक्रवार को दरभंगा में दो करोड़ के लूट कांड से जुड़ा हुआ है।
यह भी पढ़ें - बिहार सरकार में मंत्री के समधी के घर चले तलवार और पत्थर, फायरिंग भी हुई, 3 जख्मी...
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस और STF को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायण चौक के समीप छुपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पटना से पहुंची STF की टीम और बेगूसराय सदर डीएसपी आनंद पांडेय के नेतृत्व में आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच कर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग कर दी जिसके बाद STF और पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि करीब 3 घंटे से भी अधिक समय तक दोनों तरफ से लगातार फायरिंग होती रही। इस दौरान एक अपराधी को गोली लगने की भी सूचना है, हालांकि वह भागने में सफल रहा।
फ़िलहाल STF और पुलिस पूरे इलाके की घेराबंदी आकर सर्च अभियान चला रही है। पुलिस को आशंका है कि अभी कई और अपराधी छुपे हो सकते हैं साथ ही उनके पास अत्याधुनिक हथियार भी हो सकते हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से घटना वाले स्थल से दूर रहने की अपील की है। बताया जा रहा है कि अपराधियों के तार शुक्रवार को दरभंगा में हुए 2 करोड़ रूपये से अधिक के आभूषण लूटकांड से जुड़ा है और सभी अपराधी यहां आ कर छिपे हुए थे। फ़िलहाल पुलिस ने मुठभेड़ स्थल को चारों तरफ से घेर लिया है और सर्च अभियान चला रही है। वहीं अब तक गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन की समाप्ति के बाद ही कुछ भी बताया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें - पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के बाद लोगों ने काटा बवाल, पुलिस को खदेड़ा छीन लिए हथियार...





