पटना: भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को घुस कर गोलीबारी करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या का मामला बिहार की सियासत में एक बड़ा मुद्दा बन गया है। विपक्ष इस घटना के बाद सम्राट की सरकार पर हमलावर है। इस बीच पुलिस ने बुधवार की अहले सुबह मुख्य आरोपी रामधनी यादव को एनकाउंटर में मार गिराया जिसके बाद NDA ने इसे विपक्ष के लिए करारा जवाब बताया। एक तरफ भाजपा जदयू ने अपराधियों के विरुद्ध एक कदम आगे की कार्रवाई का दावा कर रही है तो दूसरी तरफ जीतन राम मांझी ने बड़ा बयान दे दिया है।
मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर विपक्ष और खास कर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला किया है। केंद्रीय मंत्री ने बिहार की पुलिस को पराक्रमी सेना बताया और लिखा कि तेजस्वी गैंग की क्या हैसियत है। जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि '“सम्राट” की पराक्रमी सेना के सामने तो सिकंदर महान ने घुटने टेक दिए थें। तेजस्वी यादव गैंग के लोगों की क्या हैसियत। खैर अब तो मैं यही कहूँगा, ये नया बिहार है, यहाँ गोली का जवाब तोप से दिया जाएगा। वेल डन भागलपुर पुलिस…'
यह भी पढ़ें - सुल्तानगंज नगर परिषद में शूट आउट करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया, 3 पुलिसकर्मी भी जख्मी
बता दें कि एक तरफ सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुस कर सरकारी अधिकारी की हत्या के बाद जहां विपक्ष हमलावर था तो अब भाजपा और जदयू ने एक सुर में कहा कि हम पहले से ही कहते आ रहे हैं कि बिहार में अपराध करोगे तो बच नहीं पाओगे। अब सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पुलिस और भी अधिक आक्रामक रुख अख्तियार करेगी और अपराधियों को अब लंगड़ा नहीं बनाएगी बल्कि सीधे परलोक पहुंचा देगी।
वहीं इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुःख व्यक्त किया है। सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतक अधिकारी के परिजन को 25 लाख रूपये आर्थिक सहायता तथा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'अत्यंत ही दुःखद घटना में सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री कृष्ण भूषण कुमार जी का असामयिक निधन हो गया। उन्होंने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। शोक संतप्त परिजनों के प्रति इस अपूरणीय क्षति पर गहरी संवेदनाएँ प्रकट करते हैं। उनके परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दिवंगत अधिकारी के दाह-संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ सम्पन्न कराने का निर्णय लिया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल दें।





