भागलपुर: बिहार में इन दिनों कानून व्यवस्था को मुद्दा बना कर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर बना हुआ है। खास कर मंगलवार को भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद में दिनदहाड़े घुस कर सभापति राजकुमार गुड्डू को घायल करने और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण की हत्या के बाद विपक्ष और भी अधिक हमलावर हो गई है। हालांकि पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के अंदर ही फायरिंग के मुख्य आरोपी और सुल्तानगंज नगर परिषद के उप सभापति के पति रामधनी यादव को एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस की इस कार्रवाई के बावजूद विपक्ष शांत होने का नाम नहीं ले रहा बल्कि अब इस मामले में एक नया मुद्दा लेकर भाजपा और NDA पर हमले करना शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ NDA के नेताओं ने सुशासन की सरकार में अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में कोताही नहीं बरते जाने की बात की।
मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एनकाउंटर में मारे गए रामधनी यादव की फोटो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और लोजपा(रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत अन्य NDA नेताओं के साथ शेयर कर तंज कसा है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि 'भागलपुर में सरकारी अधिकारी की दिनदहाड़े हत्या करने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गाने “मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में” से प्रेरित सुशासनी अपराधी, बीजेपी संरक्षित गुंडा व एनडीए नेता रामधनी यादव है। यह अपराधी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन और कई केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों/विधायकों का नजदीकी है। जंगलराज का बेसुरा राग अलपाने वाले हत्यारे एनडीए नेताओं के बारे में क्या कहेंगे?'
यह भी पढ़ें - सुल्तानगंज नगर परिषद में शूट आउट करने वाले आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया, 3 पुलिसकर्मी भी जख्मी

वहीं दूसरी तरफ भाजपा और जदयू ने बिहार में अपराध की सजा अंतिम सजा के रूप में करार दिया है। भाजपा के प्रवक्ता कुंतल कृष्णा ने कहा कि अब सम्राट की सरकार में पुलिस अपराध करने की सजा ऑपरेशन लंगड़ा से एक कदम आगे बढ़ कर देगी। सीएम ने पहले ही कह दिया है कि नीतीश कुमार के कार्यकाल की तरह बिहार में सुशासन लगातार जारी रहेगा और पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करती रहेगी। अगर कोई भी व्यक्ति अपराध करेगा तो वह बच नहीं पायेगा बल्कि अब पुलिस उनके सीने में गोली मारेगी। विपक्ष के नेता लडखडाना छोड़ें और अपने पैर पर खड़े हो कर बस देखते रहे। अपराधी कौन है यह नहीं देखा जायेगा बल्कि यह देखा जायेगा कि उसने अपराध किया है और उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं जदयू ने भी भाजपा के सुर में सुर मिलाया है और कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में स्थापित सुशासन में अगर कोई छेद करने की कोशिश करेगा तो पुलिस उसके सीने में छेद कर परलोक पहुंचाएगी।
यह भी पढ़ें - भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध निगरानी की कार्रवाई लगातार जारी, यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार के घर छापेमारी





