पटना: बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है और लोग त्रस्त हैं। हालांकि कुछ जिलों में बारिश तो हुई लेकिन गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिल सकी। हालांकि तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अब एक बार फिर मौसम विभाग ने बिहार में अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार राज्य में 29 और 30 अप्रैल को राज्य में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को दिनभर बादल छाए रह सकते हैं जबकि कुछ जिलों में तेज और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा भी रह सकती है।
इसी तरह 30 अप्रैल को पूरे बिहार में मौसम बारिश वाला हो सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य में लोगों को सतर्क किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पटना में दिन के तापमान में सात डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज हुई, जिससे लोगों को दिन में गर्मी से हल्की राहत महसूस हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राज्य भर में अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई कि अगले पांच दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। मंगलवार को भी दिन का सबसे अधिक तापमान डेहरी में 41 डिग्री और भभुआ में 40.8 डिग्री दर्ज किया गया। पटना में 35 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई।




