जमुई: बिहार में इन दिनों निगरानी विभाग की टीम भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अधिकारी को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अधिकारी को निगरानी की टीम अपने साथ लेकर पटना चली गई जिन्हें पूछताछ के बाद विशेष निगरानी कोर्ट में पेश किया जायेगा।  जानकारी के अनुसार निगरानी की टीम ने जमुई के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार को 50 हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। मामले में निगरानी के डीएसपी ने बताया कि जमुई जिला के सिकंदरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 के पार्षद राजेश कुमार मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 65 लाभुकों को आवास स्वीकृति दिलाने के बदले ढाई हजार रुपए प्रति लाभुक कुल 1 लाख 62 हजार 500 रुपए रिश्वत मांगी जा रही है।

पार्षद की शिकायत पर निगरानी की टीम ने एक टीम गठित कर छापेमारी की। योजना के तहत पार्षद ने रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रूपए घूस लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार कार्यपालक पदाधिकारी ने स्वच्छता साथी को रुपए लेने के कहा जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम दोनों को लेकर थाना गई जहां पुछताछ के बाद फिर उनके कार्यालय गई जहां कई जरूरी कागजातों की भी जांच की। निगरानी की छापेमारी के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया। बता दें कि सिकंदरा क्षेत्र में यह पहली बार नहीं है जब निगरानी विभाग ने इस तरह की कार्रवाई की हो। इससे पहले भी यहां अंचलाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और बाल विकास परियोजना कार्यालय से जुड़े कर्मी निगरानी विभाग के शिकंजे में आ चुके हैं।