भागलपुर: बड़ी खबर भागलपुर से है जहां दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से पूरा इलाका थर्रा उठा। दिनदहाड़े गोलीबारी में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की मौत हो गई जबकि सभापति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया जबकि पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई। वहीं नगर परिषद कार्यालय में इस तरह की गोलीबारी के बाद अब सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगा है। घटना भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद की है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सुल्तानगंज नगर परिषद में मंगलवार को सैरात की डाक प्रक्रिया चल रही थी इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। अंधाधुंध फायरिंग में गोली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार और सभापति राजकुमार गुड्डू को लग गई। हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया जबकि लोगों ने दोनों को आनन फानन में अस्पताल पहुँचाया। बताया जा रहा है कि सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया जहां ले जाने के दौरान रास्ते में ही कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें - अपने संसदीय क्षेत्र में अग्नि पीड़ितों के बीच पहुंचे चिराग, की आर्थिक मदद, बिहार के नए मुख्यमंत्री पर भी जताया भरोसा
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशिक्षु एएसपी सायम रजा, इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार और सुल्तानगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के सीसीटीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है और छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें - नहीं खत्म हो रहा राजस्व कर्मियों का हड़ताल, हटाये गए विभाग के प्रधान सचिव, कई जिलों में...





