वैशाली: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र अंतर्गत बिदुपुर पहुंचे जहां उन्होंने अग्नि पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनी और आर्थिक सहयोग भी किया। चिराग पासवान ने इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधकारियों को अग्नि पीड़ितों की हर तरह से सरकारी सहायता उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया और आगलगी की घटना पर दुःख व्यक्त किया।
इस दौरान चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिदुपुर के खजबत्ता डीह गांव में पासवान टोला में बीते दिनों आग से 33 परिवारों का घर जल कर राख हो गया था। इस अगलगी की घटना में पीड़ितों के घर तो जले ही उनका सारा सामान भी जल गया जिसके बाद अब उनके पास कुछ भी नहीं बचा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभी हम पीड़ितों को सहायता राशि उपलब्ध करवा रहे हैं साथ ही जिला प्रशासन को हर सहयोग करने का निर्देश दिया है। सभी अग्नि पीड़ित परिवारों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
यह भी पढ़ें - मार दिया तो मार दिया, इसमें कौन सी बड़ी बात हो गई, दिल्ली में बिहार के युवक की हत्या पर मांझी ने दिया विवादित बयान
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा कि समय आने पर सब कुछ स्पष्ट हो जायेगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गठबंधन में चर्चा चल रही है। वहीं बिहार के गृह विभाग के जिम्मा को लेकर उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने गृह विभाग का जिम्मा सम्राट चौधरी को दिया था और अब वह खुद मुख्यमंत्री हैं तो मुझे उनके नेतृत्व क्षमता पर भरोसा है और उम्मीद है कि उनके कार्यकाल में बिहार बेहतर और तेज गति से विकास करेगा। इस दौरान उन्होंने बिहार में घट रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कहा कि नेतृत्व परिवर्तन का समय ऐसा होता है जब असामाजिक तत्व इसका फायदा उठाना चाहते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में कानून-व्यवस्था जल्द ही दुरुस्त कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें - दो मासूम के साथ मां की हत्या से दहला मुजफ्फरपुर, बारात से लौटने पर पति ने देखा तो इलाके में मची सनसनी
वैशाली से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट





