मोतिहारी जिले में बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पकड़े गए हैं। इनके पास से सोना-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, बाइक, एलसीडी टीवी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपराकोठी थाना क्षेत्र के वाटगंज इलाके के पास कुछ आदतन अपराधी एकत्रित हो रहे हैं। बताया गया कि ये लोग कुछ दिन पहले जेल से छूटकर आए हैं और दोबारा चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर STF और मोतिहारी पुलिस ने त्वरित छापेमारी की और सातों अभियुक्तों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष सहनी, राजेंद्र कुमार, राजन शर्मा, सनी देओल, राकेश कुमार, ओम प्रकाश कुमार और श्रीराम साह के रूप में हुई है। सभी मोतिहारी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर करीब 5 ग्राम सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी की बजरंगबली की मूर्ति और आभूषण, एक स्प्लेंडर बाइक, 14 मोबाइल फोन, दो एलसीडी टीवी और अन्य गृहभेदन से जुड़ा सामान बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: पटनासिटी में रिश्ते का खून! भांजा ही निकला कातिल, कैमरे में कैद कत्ल
पुलिस के अनुसार, संतोष सहनी के खिलाफ पहले से डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे कई मामले दर्ज हैं। वहीं राजन शर्मा पर रंगदारी और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से जिले में चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।