पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली कॉलोनी मोड़ के पास एक अधेड़ व्यक्ति की चाकू मारकर निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को खुलेआम हमला करते हुए देखा जा सकता है। मृतक की पहचान बक्शी मैदान निवासी मोहम्मद रईश के रूप में हुई है।
घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है, जब मोहम्मद रईश किसी काम से बंगाली कॉलोनी मोड़ के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे युवक ने अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल रईश की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: लेबर कोड के खिलाफ हड़ताल की गूंज से थमी रफ्तार! पूर्वी चम्पारण और जहानाबाद में चक्का जाम
घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हत्या की पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। मृतक की बेटी ने इस मामले में अपने फुफेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच पहले से आपसी विवाद चल रहा था, जो इस खौफनाक वारदात की वजह बना। बेटी के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और नामजद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: विधानसभा में पानी पर घमासान! सदन में भिड़े भाई वीरेंद्र और सरकार
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।