पटना/ गया जी: बिहार में इन दिनों पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए अपराधियों पर कार्रवाई तो करती है लेकिन इस दौरान पुलिस खुद भी सुरक्षित नहीं है। ऐसा ही मामला सामने आया है पटना से जहां अपराधियों के अवैध गतिविधियों पर छापेमारी के दौरान लोगों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। वहीं दूसरी तरफ गया जी में नगर निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस ने पटना में हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है जबकि गया जी में हमलावरों की पहचान की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के शंकरवार टोला में मंगलवार की शाम पुलिस एक कुख्यात के मौजूद होने की सूचना पर छापेमारी में पहुंची थी। बताया जा रहा है कि कुख्यात चोर मिक्की है जिसके ऊपर करीब एक दर्जन से भी अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मिक्की के घर पहुंच जैसे ही उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की उसके परिजन और अन्य लोगों ने पुलिस के साथ धक्का मुक्की करना शुरू कर दिया। इस दौरान मिक्की जहां भागने में सफल रहा तो दूसरी तरफ स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान लोगों ने पुलिस के ऊपर हाथ भी चलाये।
यह भी पढ़ें - बिहार के लिए आर्थिक कॉरिडोर साबित होगी बख्तियारपुर-ताजपुर फोरलेन परियोजना, इतने दिन में होगी पूरी...
हालांकि मामले की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त बल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस के काम में बाधा पहुँचाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही अब पुलिस अन्य हमलावरों की पहचान करने के साथ ही कुख्यात मिक्की को गिरफ्तार करने की कवायद में जुट गई है। मामले में मोकामा थानाध्यक्ष ने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा और न ही अपराधियों को चैन की साँस लेने दी जाएगी।
गया जी में नगर निगम की टीम पर हमला
वहीं दूसरी तरफ गया जी में बीती रात नगर निगम की टीम सड़कों पर घूम रहे पशुओं को पकड़ने वाली टीम पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गया जी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रमना रोड इलाके में जब नगर निगम की टीम सड़क पर घूम रहे पशुओं को पकड़ कर गाड़ी में डाल रही थी इसी दौरान कुछ लोगों ने हमला कर दिया और नगर निगम कर्मियों के साथ हाथापाई पर उतर आये। इस दौरान लोगों ने नगर निगम की गाड़ी से पशुओं को भगा भी दिया और खुद भी भाग निकले।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। इस मामले में नगर निगम के कर्मियों ने कहा कि शहर में सड़क पर घूम रहे पशुओं की समस्या निजात दिलाने के लिए नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा था लेकिन कुछ लोगों ने इसमें बाधा डाला और हमारी टीम के साथ धक्का मुक्की की। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर ली है और हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है। मामले में सिविल लाइन थानाध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम की टीम पर हमला करने वाले सभी लोग बहुत जल्दी गिरफ्तार कर लिए जायेंगे।
यह भी पढ़ें - राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही एक्शन में नीतीश, अपने ही सांसद को अयोग्य ठहराने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र...
बाढ़, पटना से कृष्णदेव एवं गया जी से मनीष कुमार की रिपोर्ट




