रामनवमी के अवसर पर पटना शहर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है, जबकि कुछ रास्तों को डायवर्ट किया गया है। यह व्यवस्था 26 मार्च की रात से लागू हो गई है और शुक्रवार रात तक जारी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार आर ब्लॉक से पटना जंक्शन तक का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान आम वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा, क्योंकि इसी मार्ग से होकर महावीर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जीपीओ आरओबी और चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंचें।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्हें वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी गेट से प्रवेश दिया जाएगा, जहां से वे कतारबद्ध होकर जीपीओ गोलंबर होते हुए महावीर मंदिर तक पहुंच सकेंगे। वहीं गोरियाटोली और करबिगहिया की ओर से आने वाले वाहनों को जमाल रोड से यू-टर्न लेकर वापस लौटना होगा। डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन तक भी यातायात पर पूरी तरह रोक रहेगी।

यह भी पढ़ें: नीतीश ने सेट किया ‘सियासी टाइमर, खरमास के बाद बड़ा ट्विस्ट - क्या निशांत होंगे अगला दांव?

बुद्ध मार्ग में फ्लाईओवर के नीचे जंक्शन की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा और यहां श्रद्धालुओं को कतार लगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रसाद और फूल-माला की दुकानें वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी छोर पर लगाई जाएंगी। अदालतगंज रोड पर यातायात वन-वे कर दिया गया है, जबकि वीरचंद पटेल पथ से इस मार्ग में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। 27 मार्च को झांकी के दौरान भी ट्रैफिक में बदलाव रहेगा। शाम पांच बजे से बेली रोड पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन बोरिंग रोड क्रॉसिंग से आयकर गोलंबर तक बंद रहेगा। गांधी मैदान जाने वाले यात्री वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें: घर से निकलने से पहले संभल जाएं! बिहार में मौसम लेने वाला है खतरनाक मोड़

सुरक्षा के लिहाज से शहर के चार किलोमीटर दायरे में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। करीब 500 पुलिसकर्मी और अधिकारी संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगे। डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर, जीपीओ, फ्रेजर रोड और पटना जंक्शन समेत कई जगहों पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष और फायर ब्रिगेड की टीमें भी तैनात की गई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।