सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीसनपुर वार्ड नंबर 11 में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह चोरी सूर्यनारायण शाह के घर में हुई। बताया जा रहा है कि गृहस्वामी किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि घर में केवल एक बुजुर्ग महिला अपनी नातिनी के साथ मौजूद थी। परिवार के अन्य सदस्य भी उस समय घर पर नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर देर रात चोरों ने खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और अलमारी व बक्से में रखे कीमती जेवरात, कपड़े और नकदी लेकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: शिवभक्ति में डूबा बिहार, मंदिरों से सड़कों तक गूंजा हर-हर महादेव
सुबह जब गृहस्वामी वापस लौटे और घर की स्थिति देखी तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद आनन-फानन में पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
यह भी पढ़ें: जहानाबाद में CBI की एंट्री से हिल गया पूरा इलाका, क्या सामने आएगी चौकाने वाली सच्चाई?
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।