पटना: पटना के मोकामा इलाके का पंचमहला थाना एक बार फिर से चर्चा में है। इस बार चर्चा किसी गैंगवार की वजह से नहीं बल्कि कुछ और ही मामले की वजह से हो रही है। इस मामले में एक ऑडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें सोनू और पचमहला थाना के एक चौकीदार की बातचीत है। ऑडियो में कथित रूप से सोनू से पचमहला थाना के थानाध्यक्ष पर घूस के रूप में रूपये लेने का आरोप लग रहा है। इस बातचीत के दौरान एक तरफ जहां सोनू थानाध्यक्ष कुंदन कुमार पर रूपये लेकर भी फंसाने का आरोप लगा रहा है तो दूसरी तरफ चौकीदार लगातार खुद फंसने की बात कह गिरगिरा रहा है।
ऑडियो को सुनने से साफ स्पष्ट हो रहा है कि थाना क्षेत्र में बीते दिन अवैध खनन पर कार्रवाई के मामले में बातचीत हो रही है। कथित रूप से सोनू चौकीदार को यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि थानाध्यक्ष ने जब जो भी मांगा हमने दिया और आप हमेशा ले कर गए हैं लेकिन फिर भी वह मुझे ही फंसा रहे हैं। वह अनंत सिंह के कहने पर मेरे से पैसा लेकर मेरे विरुद्ध ही कार्रवाई भी कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने जिस दो युवकों के हाथ में हथियार दिया है वह हथियार रखने वाला नहीं है फिर भी उसे फंसा रहा है। मेरे पास रूपये देते हुए और जबरदस्ती हाथ में हथियार देते हुए सब वीडियो उपलब्ध है। सोनू चौकीदार से कह रहा है कि थानाध्यक्ष को बोल दो 25 मिनट में अगर वह नहीं आया तो मैं सारा ऑडियो वीडियो वायरल कर दूंगा और मीडिया को भी दे दूंगा।
यह भी पढ़ें - निशांत ने पिता नीतीश समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात, विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा अभी उन्हें...
सोनू की बात सुन चौकीदार कहता है कि सोनू भाई आप सब बात सही कह रहे हैं लेकिन इसमें तो हम फंस जायेंगे न। आप अगर हमारा वीडियो वायरल करेंगे तो मेरी नौकरी चली जाएगी जिसके बाद सोनू कहता है कि हम पैसे गिन कर देते थे आप ले जा कर देते थे उस वक्त नहीं समझ में आता था अब अगर आपकी नौकरी जाती है तो आप तैयार हो जाइये इसके लिए। ऑडियो में सोनू यह भी कह रहा है कि थानाध्यक्ष कुंदन ने हमसे पैसा लिया और अनंत सिंह के कहने पर हमे ही दोषी भी बना रहा है तो हम क्या करेंगे धरना प्रदर्शन करेंगे। छोड़ तो नहीं ही देंगे, थानाध्यक्ष बर्बाद हो जायेंगे। ये लोग हमें जबरदस्ती अपराधी बना रहे हैं।
मामले को लेकर बाढ़ SDPO-1 रामकृष्ण ने कहा कि ऑडियो मैंने सुना है जिसमें पचमहला थाना के कर्मी के साथ बातचीत हो रही है साथ ही इसमें पैसे के लेनदेन की भी बात है। हम इस ऑडियो की जांच करवाएंगे और इसके बाद जो भी दोषी होंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें - दवा आपूर्ति में नंबर 1 बना बिहार, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा हर माता बहन तक...
बाढ़, पटना से कृष्णदेव की रिपोर्ट




