पटना/किशनगंज: जब सिस्टम में बैठे जिम्मेदार अधिकारी ही अपनी कुर्सी का इस्तेमाल दबाव और वसूली के लिए करने लगें, तो सबसे बड़ा सवाल भरोसे पर उठता है। ऐसे ही भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई, बिहार की टीम ने ICDS की DPO अनीता कुमारी-2 (ठाकुरगंज) को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई 20 फरवरी 2026 को पटना की निगरानी टीम द्वारा की गई। मिली जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर तियारी निवासी नागेंद्र कुमार ने विशेष निगरानी इकाई में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि DPO अनीता कुमारी ने उन पर आरोप पत्र गठित कर निलंबित कराने की धमकी दी और मामले को रफा-दफा करने के एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
यह भी पढ़ें: बजट सत्र में बड़ा बवाल तय! सदन में गूंजेगा मसौढ़ी छात्रा का दर्द
शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद विशेष निगरानी इकाई ने शिकायत दर्ज किया। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते समय आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी किसी से अवैध वसूली तो नहीं की गई।
यह भी पढ़ें: मौसम का यू-टर्न! गले की बीमारी ने बढ़ाई टेंशन
विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद (भा.पु.से.) ने बताया कि आरोपी को कल निगरानी न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रेतर कार्रवाई जारी है।