पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 परीक्षा की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और विभाग से परीक्षा की अधिसूचना जारी करने की मांग कर रहे हैं, बावजूद अब तक BPSC ने परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही शुक्रवार को राजधानी पटना के गर्दनीबाग स्थित धरनास्थल पर दर्जनों अभ्यर्थी अनशन पर बैठ गए।

छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में छात्र गर्दनीबाग स्थित धरनास्थल पर अनशन पर बैठे और जम कर नारेबाजी की। इस दौरान छात्रों ने मांग की कि शिक्षा विभाग और सरकार जल्द से जल्द TRE-4 परीक्षा की प्रक्रिया शुरू करे। इस दौरान कई अनशनकर्मी गर्मी की वजह से बेहोश हो गए जिसके बाद अनशनकारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान छात्र नेता दिलीप ने कहा कि एक दिन के धरना और अनशन के लिए हमें प्रशासनिक अनुमति मिली हुई है बावजूद इसके प्रशासन के तरफ से एक भी पुलिसकर्मी या स्वास्थ्यकर्मी की तैनाती नहीं की गई है।

भीषण गर्मी की वजह से कई छात्र बेहोश हो गए हैं, जिसमें से एक छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल भी पहुंचाया गया है। छात्र नेता दिलीप ने कहा कि मैं हमेशा ही छात्रों के हित में लड़ाई लड़ता रहा हूँ और आगे भी लड़ता रहूँगा। लंबे समय से शिक्षा मंत्री हमलोगों को आश्वासन दे रहे हैं कि TRE4 परीक्षा जल्द ही आयोजित की जाएगी लेकिन लंबे समय से इसे लेकर कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। इस दौरान अनशन पर बैठी महिला अभ्यर्थियों ने भी कहा कि एक तरफ सरकार बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा देती है दूसरी तरफ पढने वाली बेटी को रोजगार के लिए धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें    -  नीतीश ने बनाया रिकॉर्ड, शपथ ग्रहण के साथ ही बन गए सभी सदन में सदस्य रहने वाले नेता, राज्यसभा में हरिवंश की भी इस तरह से हो गई वापसी

अनशन पर बैठी छात्राओं ने कहा कि ये लोग छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दे कर कहते हैं आगे बढो और जब हम लोग रोजगार और नौकरी के लायक हो जाते हैं तो कहते हैं कि अब रोटी बनाओ। आज लंबे समय से हमलोग शिक्षक भर्ती परीक्षा की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार हमारी नहीं सुन रही है। आज हम अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने बैठे हैं तो यहां न तो सुरक्षा की व्यवस्था की गई है और न ही स्वास्थ्य सेवा की। अनशन पर बैठे छात्र-छात्राओं की तबियत खराब हो रही है लेकिन हमें देखने वाला कोई नहीं है।

TRE-4 परीक्षा की मांग को लेकर अनशन पर बैठे अभ्यर्थी, छात्राओं के बेहोश होने पर कर दिया सड़क जाम

छात्राओं ने कहा कि नेताओं के चुनाव का परिणाम हमेशा ही 10 से 20 दिनों के अंदर जारी कर दिया जाता है फिर हमें सिर्फ आश्वासन ही क्यों। कभी नेताओं के चुनाव का परिणाम क्यों नहीं लटकता है। हमलोगों की एक ही मांग है कि TRE-4 परीक्षा के लिए जल्द से जल्द विज्ञापन जारी किया जाये। जब तक विज्ञापन जारी नहीं किया जायेगा हमलोग लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।

अनशन के दौरान छात्र-छात्राओं के बेहोश होने के बाद अनशनकारी आक्रोशित हो गए और धरनास्थल से उठ कर सड़क पर बैठ गए। अभ्यर्थियों ने सड़क जाम कर दिया और कहा कि सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है। हम अपनी मांग सरकार को जबरदस्ती सुना कर रहेंगे। आज यहां छात्र-छात्राएं भूखे प्यासे अनशन पर बैठे हैं लेकिन कोई देखने वाला नहीं है। यह निरंकुश सरकार है।

यह भी पढ़ें    -  मैं नीतीश जी को बधाई नहीं दूंगा, मांझी ने कहा 'बिहार विल मिस यू...', पीएम ने कहा 'उनके अनुभव का देश लेगा लाभ'

YouTube Video