Join Us On WhatsApp

31 जनवरी को दरभंगा में लगेगा उपमुख्यमंत्री का जनता दरबार, जमीन विवादों पर होगा सीधा फैसला

31 जनवरी को दरभंगा में उपमुख्यमंत्री जनता दरबार लगाकर जमीन से जुड़े मामलों का निपटारा करेंगे।

vijaysinha's public court will be held in darbhanga
31 जनवरी को दरभंगा में लगेगा उपमुख्यमंत्री का जनता दरबार, जमीन विवादों पर होगा सीधा फैसला- फोटो : Darsh NEWS

दरभंगा में जमीन से जुड़े मामलों के समाधान के लिए 31 जनवरी को एक अहम पहल की जा रही है। राज्य के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों को जमीन से जुड़ी सेवाएं समय सीमा में उपलब्ध कराना और लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवादों का समाधान करना है।

यह जन कल्याण संवाद लहेरियासराय स्थित ऑडिटोरियम सह प्रेक्षा गृह में आयोजित होगा। कार्यक्रम दो पालियों में होगा। पहली पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेगी, जिसमें आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी। इस दौरान विभाग से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं, जमीन संबंधी शिकायतों और उनके समाधान पर चर्चा होगी। कुछ आवेदनों का अंचलवार चयन कर मौके पर ही अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी को आवेदनकर्ता के सामने बैठाकर समस्या पर बातचीत की जाएगी। इस जनसंवाद में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल, सचिव जय सिंह सहित राजस्व मुख्यालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही जिले के सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी और अमीन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें: कृषि विभाग की बम्पर योजना: अब फसलों के साथ-साथ किसानों की आमदनी भी होगी मीठी

आम लोगों के लिए सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। ऑडिटोरियम में अंचलवार बनाए गए दो काउंटरों पर आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन के साथ अंचल का नाम, आवेदक का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर देना जरूरी होगा, ताकि आवेदन पर होने वाली कार्रवाई की जानकारी मोबाइल पर संदेश के जरिए मिलती रहे। यदि किसी समस्या के लिए पहले भी आवेदन दिया गया है, तो उसकी प्रति भी साथ लगाने की अपील की गई है। जनसंवाद में प्राप्त सभी आवेदनों को जन शिकायत पोर्टल पर अपलोड कर उचित कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर उपमुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। शनिवार को आयोजित होने वाले इस जन कल्याण संवाद के लिए चिकित्सा अवकाश और उपार्जित अवकाश को छोड़कर पहले से स्वीकृत सभी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आदेश दिया गया है

कार्यक्रम की दूसरी पाली दोपहर 3:30 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। इसमें राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों, राजस्वकर्मियों और अमीनों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित सभी ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा अभियान बसेरा-2 की प्रगति पर भी विशेष रूप से चर्चा होगी। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का उद्देश्य भूमि अभिलेखों को अपडेट करना, भूमि सर्वेक्षण के कार्य को मजबूत करना और जमीन विवादों में कमी लाना है। उन्होंने आम लोगों को आश्वस्त किया है कि भविष्य में भूमि सुधार से जुड़े कार्यों के लिए किसी को परेशान नहीं किया जाएगा। सभी जिलों में राजस्व ग्रामवार कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है और अधिकारियों को समय सीमा के भीतर मामलों के निष्पादन के निर्देश दिए जा रहे हैं। यह अभियान प्रशासन को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp