पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में पांच सीटें जीतने के बाद हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी का हौसला बुलंद हैं। बिहार में पांच सीटें जीतने के बाद अब ओवैसी की पार्टी AIMIM पश्चिम बंगाल में भी अपनी धमाकेदार एंट्री करेगी और कई सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने बताया कि उनकी पार्टी ने TMC के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन करने का निर्णय लिया है।
AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में हमारी पार्टी पूरी मजबूती के साथ उतरेगी और हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन कर क्षेत्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति मजबूत करेगी और जनता के बीच जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता का उन्हें काफी समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में भी विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी ने जिस सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे वहां हमें जनता का भरपूर समर्थन मिला। इस दौरान उन्होंने राजद के द्वारा गठबंधन का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर कहा कि राजद और कांग्रेस के कुछ नेताओं की वजह से गठबंधन नहीं हो सका वरना आज बिहार में कुछ और ही दृश्य हो सकता था।
यह भी पढ़ें - चैत्र छठ के संध्या अर्घ्य के अवसर पर गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़, व्रतियों के साथ ही...
आदिल हसन ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हमारी पार्टी ने राजद के उम्मीदवार का साथ दिया। हमलोग हमेशा ही जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं और जहां भी हमारी जरूरत होती है वहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान स्वयं संज्ञान लेकर सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि पश्चिम बंगाल चुनाव में संगठन को मजबूत करें और सक्रियता के साथ जनता के बीच जा कर पार्टी की नीतियों को पहुंचाएं।
यह भी पढ़ें - CM नीतीश नहीं जाना चाहते हैं राज्यसभा, तेजस्वी ने PM मोदी को लेकर कह दी बड़ी बात...
कटिहार से असद्दुर रहमान की रिपोर्ट