पटना: भागलपुर में मंगलवार को दिनदहाड़े नगर परिषद कार्यालय में घुस कर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी की मौत हो गई जबकि सभापति गंभीर रूप से जख्मी हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई वहीं अब विपक्ष भी सरकार पर निशाना साधने में जुट गया है। इसी कड़ी में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला किया है। तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर भी हमला किया और कहा कि भाजपा के सरकार में हत्या होना अब मंगलराज की श्रेणी में आता है।

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर राज्य की सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि 'भागलपुर में सरकारी अधिकारी की कार्यालय में ही गोली मार कर हत्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव में 'मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में'... गाकर भाजपाई गुंडों को खूब प्रोत्साहित किया था। अब तो उन अपराधियों का ही CM है। भाजपा सरकार में हत्या होना अब मंगलराज की श्रेणी में आता है।

यह भी पढ़ें     -    दिनदहाड़े गोलीबारी से थर्राया सुल्तानगंज नगर परिषद, कार्यपालक पदाधिकारी की मौत सभापति की हालत गंभीर

बता दें सुल्तानगंज नगर परिषद में मंगलवार को सैरात की डाक प्रक्रिया चल रही थी इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। अंधाधुंध फायरिंग में गोली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार और सभापति राजकुमार गुड्डू को लग गई। हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया जबकि लोगों ने दोनों को आनन फानन में अस्पताल पहुँचाया। बताया जा रहा है कि सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया जहां ले जाने के दौरान रास्ते में ही कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू की हालत गंभीर बनी हुई है। 

यह भी पढ़ें     -    नहीं खत्म हो रहा राजस्व कर्मियों का हड़ताल, हटाये गए विभाग के प्रधान सचिव, कई जिलों में...