पटना: एक समय था जब पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के नेतृत्व में उनके आवास और पार्टी कार्यालय में होली और रमजान के मौके पर इफ्तार पार्टी समेत अन्य पर्व त्यौहार बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता था लेकिन अब इन मौकों पर दोनों ही जगहों पर सन्नाटा छाया रहता है। लगातार बीमार रहने और पार्टी की कमान पुत्र तेजस्वी यादव के हाथ में जाने के बाद से ही राजद कार्यालय और उनके आवास पर पर्व त्यौहार का आयोजन लगभग बंद ही हो गया है। होली और मकर संक्रांति के अवसर राबड़ी आवास समेत पार्टी कार्यालय में सन्नाटा तो रहा ही मुस्लिम और यादव की पार्टी के नाम से जानी जाने वाली राजद में ईद के अवसर पर भी सन्नाटा का ही माहौल है। इतना ही नहीं इस अवसर पर आयोजन तो बहुत दूर कार्यालय में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है।

राजद कार्यालय के गेट पर एक सूचना चिपकाई गई है जिसमें लिखा है कि निदेशानुसार सूचित करना है कि भाईचारे और खुशियों के पवित्र त्यौहार ईद के शुभ अवसर पर प्रदेश राजद कार्यालय 21 मार्च को बंद रहेगा। प्रदेश कार्यालय 22 मार्च को पूर्ववत खुलेगा। अब सवाल यह उठता है कि जब तक सुप्रीमो लालू यादव सक्रिय थे तब तक पार्टी के कार्यकर्ता होली, दिवाली और मकर संक्रांति समेत सभी पर्व धूमधाम से मनाते थे और राजद कार्यालय से लेकर लालू यादव के आवास तक कार्यकर्ताओं की कतार लगी रहती थी और अब ऐसा क्या हो गया कि किसी भी पर्व त्यौहार के अवसर पर यहां सन्नाटा पसर जाता है।

यह भी पढ़ें     -      NEET छात्रा के परिजन पहुंचे CBI ऑफिस, भाई ने कहा 'बार बार पूछा जा रहा एक ही सवाल...'

राजद की तरफ से पर्व त्यौहार का आयोजन नहीं किये जाने के पीछे का असली कारण तो पता नहीं लेकिन सवाल पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर जरुर उठने लगा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने कुछ बेहतर प्रदर्शन किया और 4 सीटों पर जीत दर्ज की लेकिन विधानसभा चुनाव हो या राज्यसभा चुनाव राजद समेत पूरे महागठबंधन की बुरी तरह से हार हुई। विधानसभा चुनाव के बाद से तेजस्वी यादव मीडिया और अन्य राजनीतिक कार्यक्रमों से लगातार दूरी बनाते हुए देखे जा रहे हैं ऐसे में उनके ऊपर सवाल उठने लगा है कि वह पार्टी को नहीं संभाल पा रहे हैं। हालांकि अब राजद की तरफ से किसी भी पर्व का आयोजन नहीं किये जाने का असली कारण तो नहीं पता चला है लेकिन राजनीतिक जानकार इसे तेजस्वी की विफलता ही बता रहे हैं।

यह भी पढ़ें     -      सजदे में झुके हजारों सिर, रमज़ान की इबादतों के बाद आई ईद— देखें बिहार के विभिन्न जिलों से आई ईद की तस्वीर