पटना: बिहार में एक तरफ आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस की हर कोशिश नाकाम है तो दूसरी तरफ विपक्ष लगातार सरकार पर विफल होने का आरोप लगा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार की देर रात बिहार सरकार में मंत्री के समधी के घर बदमाशों ने फायरिंग और पथराव किया। घटना में तीन लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीँ पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

घटना राजधानी पटना से सटे मनेर इलाके के व्यापुर की है जहां बीती रात एक श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान अचानक दो पक्ष भिड़ गया जिसके बाद बदमाशों ने रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के घर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने इस दौरान तलवार और पत्थर चलाये तो दूसरी तरफ करीब 5 राउंड फायरिंग भी की। बदमाशों के हमले के बाद घर में चीख पुकार मच गई वहीं पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया।

यह भी पढ़ें   -    सीएम नीतीश जनेश्वर तो निशांत बिहार के फ्यूचर CM, पटना की सड़कों पर लगे पोस्टर ने फिर बढाई बिहार की सियासत में गर्माहट...

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राजेंद्र सिंह के घर के बगल में एक व्यक्ति का श्राद्ध कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान वहां पर राजेंद्र सिंह के बेटे पप्पू कुमार और गोतिया में भाई भोलू शामिल होने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों भाइयों में कुछ बात को लेकर कहासुनी हुई और विवाद शुरू हो गया। दोनों तरफ से लोग जुटने लगे और मामले ने तूल पकड़ लिया जिसके बाद पत्थरबाजी, तलवारबाजी और फायरिंग भी हुई। बताया जा रहा है कि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी का अपने गोतिया के साथ किसी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

इस दौरान दोनों तरफ से जम कर मारपीट हुई और दर्जनों लोग जुट गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं घटना में तीन लोगों पप्पू राय, नीतीश और मनीष उर्फ़ गुड्डू जख्मी हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

यह भी पढ़ें   -    ट्रेन में होने लगी शराब की बारिश, शराबबंदी वाले बिहार में तस्करी का एक और नमूना आया सामने...