पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के विरुद्ध कुर्की जब्ती का आदेश, दो अन्य लोगों पर भी इस मामले में कोर्ट ने की कार्रवाई...
पटना: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव एक तरफ तो बिहार में घटने वाली आपराधिक घटनाओं को लेकर केंद्र और राज्य की सरकार पर लगातार हमलावर रहते हैं वहीं दूसरी तरफ वे अब खुद ही मुश्किलों में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। पप्पू यादव के विरुद्ध पटना की एक विशेष अदालत ने कुर्की जब्ती का आदेश जारी किया है। पप्पू यादव के साथ ही दो अन्य लोगों के विरुद्ध भी कोर्ट ने कुर्की जब्ती का आदेश जारी किया है। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने के कारण सभी आरोपियों की संपत्ति कुर्की जब्ती का आदेश जारी किया है।
जारी हो चुका है गिरफ्तारी वारंट
जानकारी के अनुसार न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय ने सुनवाई के दौरान कोर्ट में लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के साथ ही शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण प्रसाद के विरुद्ध कुर्की जब्ती का आदेश जारी किया है। इस मामले की अगली सुनवाई 7 फरवरी को होगी। बता दें कि इससे पहले तीनों की उपस्थिति के लिए गिरफ्तारी वारंट और इश्तेहार भी जारी किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें - बजट सत्र में हंगामा: राबड़ी देवी समेत राजद के तमाम नेता नीट छात्रा मामले में सख्त कार्रवाई की मांग पर आमने-सामने
क्या है मामला
दरअसल यह मामला 1995 का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता विनोद बिहार लाल ने आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका मकान धोखे से किराये पर लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मकान किराया पर लेने के बाद उन्हें पता चला कि उसका इस्तेमाल सांसद का ऑफिस चलाने में प्रयोग किया जा रहा है जबकि किराये पर लेते वक्त लोगों ने कुछ और ही बात कही थी।
यह भी पढ़ें - बजट सत्र का तीसरा दिन: तेजस्वी यादव सरकार को घेरेंगे, बजट और NEET छात्रा मामला पर हो सकती है बहस