Join Us On WhatsApp

कटिहार में गोदाम से खुला नशे का काला राज! पिता-पुत्र गिरफ्तार, 1800 किलो नौशादर और लाखों गोलियां जब्त

कटिहार से बड़ी खबर सामने आई है, जहां कुरसेला थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।

The dark secret of drug trafficking was revealed
कटिहार में गोदाम से खुला नशे का काला राज! पिता-पुत्र गिरफ्तार, 1800 किलो नौशादर और लाखों गोलियां जब्- फोटो : Darsh NEWS

कटिहार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। कुरसेला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से नशे के धंधे में शामिल बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि कुरसेला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि अयोध्यगंज बाजार निवासी अजय कुमार गुप्ता और उसका पुत्र सुमित गुप्ता अपने गोदाम में अवैध नशीले पदार्थ नौशादर और नशीली गोलियां रखकर उनकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई।

यह भी पढ़ें: 'वंदे मातरम' पर केंद्र सरकार का बड़ा निर्णय, अब सभी सरकारी आयोजनों में किया गया अनिवार्य...

छापेमारी के दौरान गोदाम से करीब 1800 किलोग्राम नौशादर और 2 लाख 88 हजार नशीली गोलियां बरामद की गईं। बरामद किए गए नशीले पदार्थों की बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशीले पदार्थों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी। इस मामले में कुरसेला थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: आकाश यादव ने शेयर किया अनुष्का यादव की बेटी का नाम, फोटो के साथ लिखा...

कटिहार पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp